पर्यटन को मिलेगा डिजिटल विस्तार, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, अलीगढ़ में मंथन

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ । विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर अलीगढ़ में पर्यटन को डिजिटल पहचान दिलाने की बड़ी पहल हुई है। कमिश्नरी सभागार में अपर आयुक्त प्रशासन प्रदीप कुमार यादव की अध्यक्षता में Influencer Meet का आयोजन किया गया। इस मीट में तय हुआ कि अलीगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अब सोशल मीडिया और AI के जरिए देश दुनिया तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।


विश्व पर्यटन दिवस 2026 की थीम और अलीगढ़ का विजन

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि हर साल 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है। इस साल की थीम "Digital Agenda and Artificial Intelligence to Redesign Tourism" है। इसी थीम पर अलीगढ़ में मंथन किया गया कि कैसे नवीन तकनीक, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लोकल टूरिज्म को नई दिशा दी जाए।


अपर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव ने कहा, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक विविधता ही वास्तविक पर्यटन की पहचान है। कनेक्टिविटी बेहतर होने से अब एक शहर से दूसरे शहर जाना आसान है। अलीगढ़ जैसे ऐतिहासिक जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसमें इंफ्लुएंसर की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इंफ्लुएंसर यहां के किले, खान पान, हस्तशिल्प और विरासत को डिजिटल माध्यम से प्रमोट कर सकते हैं।

अलीगढ़ को ब्रज सर्किट से जोड़ने की मांग तेज

इंफ्लुएंसर पंकज धीरज ने कहा कि नई पर्यटन नीति होटल और टूरिज्म सेक्टर के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने मांग रखी कि मथुरा वृंदावन के ब्रज सर्किट में अलीगढ़ को भी शामिल किया जाए। इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।


होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मानव महाजन ने कहा, ब्रज में आने वाले पर्यटकों को अगर अलीगढ़ किले की ऐतिहासिक विरासत और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थानीय प्रसंगों की जानकारी मिले, तो अलीगढ़ भी उनके टूर मैप में आएगा। पर्यटन सिर्फ घूमना नहीं, नए अनुभव और संस्कृति को जानने का माध्यम है।


उद्यान रिसोर्ट संचालक कुलदीप आर्य ने कहा कि पर्यटन से देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और लोकल स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ते हैं।

गांवों में शुरू होगा होम स्टे और स्टोरी टेलर मॉडल

पर्यटन सलाहकार ललित जोशी ने बड़ी जानकारी दी। जिले के तीन गांवों गौमत, नया बास और सहारा खुर्द को पर्यटन विकास के लिए चुना गया है।

इन गांवों में दो नई पहल शुरू हो रही है:

1. स्थानीय लोगों को स्टोरी टेलर के रूप में चिन्हित किया जा रहा है। 2. होम स्टे सुविधा विकसित की जा रही है। 3. सोशल मीडिया पेज के जरिए गांवों की संस्कृति और परंपरा को प्रमोट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटे छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े परिणाम देंगे।


अलीगढ़ के टॉप इंफ्लुएंसर सम्मानित

कार्यक्रम में पर्यटन और होटल इंडस्ट्री को डिजिटल माध्यम से बढ़ावा देने वाले 14 इंफ्लुएंसर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रीति चौधरी, कपिल शर्मा, तनु गौतम, अमर ज्योति सिन्हा, संदीप कुमार, कौशल ठाकुर, बाबू शर्मा, आशीष, अरुण कुमार, शेखर, धर्मेंद्र कुमार, मुस्कान, प्रभात और अंकित रोशन शामिल रहे। कार्यक्रम में विनीत वार्ष्णेय बंटी, अमन शर्मा, जयवीर सिंह सहित होटल व्यवसाय से जुड़े लोग मौजूद रहे। संचालन प्रभात कुमार ने किया।