अलीगढ़ की तस्वीर बदलने वाली स्मार्ट परियोजनाओं का मंडलायुक्त ने लिया जायजा, जल्द उद्घाटन के निर्देश

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। अलीगढ़ की सूरत बदलने जा रही है। जलभराव से मुक्ति, खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच और शहर की ट्रैफिक समस्या से निजात दिलाने वाली तीन बड़ी परियोजनाओं का मंडलायुक्त ओ.पी. आर्य ने रविवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने दोनों पूर्ण हो चुके प्रोजेक्ट्स को जल्द से जल्द जनता को समर्पित करने के लिए उद्घाटन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।


नगर निगम और अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से बन रही इन परियोजनाओं के पहले निरीक्षण में मंडलायुक्त ने संतोष व्यक्त किया है।

सीएम ग्रिड रामघाट रोड: जलभराव से मिलेगी राहत, 17.47 करोड़ की परियोजना

निरीक्षण की शुरुआत सीएम ग्रिड रामघाट रोड परियोजना से हुई। मंडलायुक्त ओ.पी. आर्य ने नगर आयुक्त संग पैकेज-1 के फेज-1 के तहत बन रही सड़क का जायजा लिया।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने मंडलायुक्त को बताया कि लगभग 17 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से वार्ड संख्या 33, 49, 53, 74 एवं 82 में मीनाक्षी पुल से क्वारसी थाना तक लगभग 2.65 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया गया है।

इस सड़क के निर्माण से दो बड़े फायदे हुए हैं। पहला, रामघाट रोड पर सालों से बनी जलभराव की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है। इस साल बारिश में शहर की बेहतर जल निकासी व्यवस्था देखने को मिली है। दूसरा, इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है, जिससे हजारों शहरवासियों को जाम से राहत मिली है। मंडलायुक्त ने इस परियोजना को शहर के लिए लाइफ लाइन बताया।


नौरंगी लाल इनडोर स्टेडियम: 50 करोड़ में तैयार, अलीगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

रामघाट रोड के बाद मंडलायुक्त का काफिला मैरिस रोड होते हुए लाल डिग्गी रोड स्थित बहुप्रतीक्षित नौरंगी लाल इनडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचा। यह अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक है।

नगर आयुक्त ने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से यह विश्वस्तरीय इनडोर स्टेडियम बनाया गया है। लगभग 6000 स्क्वायर मीटर एरिया में फैले इस स्टेडियम का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कर-कमलों से कराया जाना प्रस्तावित है।


इस स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए क्या-क्या सुविधाएं हैं?

• खिलाड़ियों के लिए आधुनिक चेंजिंग रूम और लॉकर रूम • अतिथियों के लिए वीआईपी रूम, गेस्ट रूम और मीडिया रूम • खेल कूद के लिए प्रशासनिक ऑफिस और दर्शक दीर्घा • एक ही परिसर में बास्केटबॉल, बैडमिंटन, स्विमिंग पूल, योगा सेंटर और अत्याधुनिक जिम की सुविधा 

यह स्टेडियम अलीगढ़ के उन युवा खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित होगा जो संसाधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा नहीं दिखा पाते थे। अब अलीगढ़ से भी देवेंद्र चौधरी जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकलेंगे।


बारहद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व मल्टीलेवल कार पार्किंग: व्यापार को नई रफ्तार

निरीक्षण के अंतिम चरण में मंडलायुक्त ने बारहद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग प्रोजेक्ट का भौतिक सत्यापन किया।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने जानकारी दी कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 49.89 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रोजेक्ट तैयार हुआ है। शहर के बीचों-बीच पार्किंग की समस्या को खत्म करने के लिए यह प्रोजेक्ट बेहद जरूरी था।


सबसे बड़ी खबर यह है कि इस कॉम्प्लेक्स में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रथम चरण में 1 करोड़ 75 लाख रुपये के राजस्व के साथ 7 दुकानों का आवंटन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से न केवल शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी बल्कि स्थानीय व्यापार को भी नई रफ्तार मिलेगी। इसका भी उद्घाटन पीएम और सीएम के द्वारा कराया जाना अपेक्षित है।


मंडलायुक्त ने क्या दिए निर्देश?

निरीक्षण के अंत में मंडलायुक्त ओ.पी. आर्य ने दोनों प्रमुख स्मार्ट सिटी परियोजनाओं - नौरंगी लाल स्टेडियम और बारहद्वारी कॉम्प्लेक्स की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजनाओं में जो भी छोटी-मोटी कमियां रह गई हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि "जिन परियोजनाओं का 99% कार्य पूर्ण हो चुका है, उनमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित विभाग पीएमओ और मुख्यमंत्री कार्यालय से समन्वय स्थापित कर उद्घाटन की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाएं ताकि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ अलीगढ़ शहरवासियों को जल्द से जल्द मिल सके।"

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान अपर मंडलायुक्त अरुण कुमार, चीफ इंजीनियर बीके सिंह सहित नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कई अधिकारी मौजूद रहे।