फोन पर अश्लील बातें करने और धमकी देने का आरोप, महिला पत्रकार ने दर्ज कराया मुकदमा
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अतरौली, अलीगढ़। अतरौली क्षेत्र की एक महिला पत्रकार ने फोन पर अश्लील बातें करने और गाली-गलौज कर धमकी देने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला पत्रकार का आरोप है कि जिरौली धूम सिंह पुलिस चौकी पर शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि कार्रवाई न होने से आरोपी के हौसले बढ़ गए हैं और अब वह उनकी मां को भी धमकी देने के साथ गाली-गलौज कर रहा है।
महिला पत्रकार के मुताबिक, आरोपी की लोकेशन लगातार मडराक थाना क्षेत्र में मिल रही है, इसके बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस मामले को लेकर महिला पत्रकार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
महिला पत्रकार ने कहा कि यदि उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी अतरौली पुलिस की होगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने, उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और अपने परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी है? महिला पत्रकार की शिकायत पर पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई और मामले की वर्तमान स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

