उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के दौरे को लेकर अलीगढ़ में यातायात डायवर्जन, भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगी रोक

प्रवीन कुमार, ब्यूरो चीफ अलीगढ़

 


17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी बाहरी डायवर्जन व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट के दौरान कई मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित

अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के 17 अक्टूबर को प्रस्तावित अलीगढ़ दौरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत शनिवार सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर भारी वाहनों, रोडवेज बसों, निजी बसों और कमर्शियल वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के कई आंतरिक मार्गों पर भी यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।

इन मार्गों से डायवर्ट होंगे भारी वाहन

यातायात पुलिस के अनुसार, बोनेर तिराहे से एटा चुंगी की ओर आने वाले भारी वाहन बोनेर तिराहे से ही डायवर्ट किए जाएंगे। आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को आगरा चेंजर तथा मथुरा की ओर से आने वाले वाहनों को मथुरा चेंजर से डायवर्ट किया जाएगा।

खैरेश्वर चौराहे से शहर की ओर आने वाले भारी वाहन भी प्रतिबंधित रहेंगे। अनूपशहर-जवां की ओर से आने वाले वाहनों को महेशपुर चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा। क्वार्सी चौराहे और विजडम गंदा नाला कट से एटा चुंगी की ओर जाने वाले भारी व कमर्शियल वाहनों पर भी रोक रहेगी। कमालपुर कट से एटा चुंगी की ओर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।

रामघाट रोड पर अतरौली की ओर से अलीगढ़ शहर आने वाले भारी वाहनों, निजी बसों और कमर्शियल वाहनों को विजडम कट, गंदा नाला तथा क्वार्सी चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा।

वीआईपी मूवमेंट के दौरान इन रास्तों पर रोक

वीआईपी मूवमेंट के समय बोनेर तिराहे से एटा चुंगी, एटा चुंगी से अचलताल तथा तहसील तिराहे से रसलगंज की ओर भारी और कमर्शियल वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बारहद्वारी से रसलगंज तक सभी प्रकार के वाहनों पर रोक रहेगी। वहीं, सासनी गेट चौराहे से कंपनी बाग की ओर भारी और कमर्शियल वाहन नहीं जा सकेंगे।

डीएस कॉलेज और जिला अस्पताल में पार्किंग

यातायात पुलिस ने पार्किंग की भी व्यवस्था निर्धारित की है। पी-1 पार्किंग डीएस कॉलेज परिसर में तथा पी-2 पार्किंग मलखान सिंह जिला अस्पताल परिसर के अंदर निर्धारित की गई है।

वीआईपी मूवमेंट के दौरान बोनेर तिराहे से एटा चुंगी, एटा चुंगी से कार्यक्रम स्थल डीएस कॉलेज ऑडिटोरियम अचलताल तक, कार्यक्रम स्थल से मलखान सिंह जिला अस्पताल तक तथा बारहद्वारी से रसलगंज तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा।

एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को छूट

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंधों से मुक्त रखा जाएगा। परिस्थितियों के अनुसार डायवर्जन प्वाइंट और समय में बदलाव भी किया जा सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

Tags