सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्दे
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ। आगामी रावण दहन कार्यक्रम को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अलीगढ़ पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस अधीक्षक नगर ने एडीएम सिटी के साथ थाना बन्नादेवी क्षेत्र स्थित नुमाइश ग्राउंड का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। एसपी सिटी ने निर्देश दिए कि रावण दहन कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वाहनों के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही यातायात का सुचारु संचालन बनाए रखने और भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए प्रभावी प्रबंध करने पर जोर दिया गया।
पुलिस-प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा इंतजामों को प्रभावी रखने तथा लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं एवं अन्य आगंतुकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय सहित अन्य संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

