डीएम ने अधिकारियों को दिए निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश, 12 गौशालाओं के निरीक्षण के आदेश

Aligarh Media Desk

 


सम्पूर्ण समाधान दिवस में 52 शिकायतें, एक का मौके पर निस्तारण

अलीगढ़, 17 अक्टूबर। तहसील अतरौली के एनेक्सी सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न गांवों और मोहल्लों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। अधिकारियों को कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को सुनने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि फरियादियों को न्याय मिल सके। शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

समाधान दिवस में चकरोड की पैमाइश, सरकारी हैंडपंप और रास्ते को कब्जामुक्त कराने, रावण दहन मेले में सुरक्षा व्यवस्था, सफाईकर्मी को बिना पूर्व सूचना सेवा से हटाने और बिजली बिल में संशोधन जैसी शिकायतें सामने आईं। इसके अलावा दबंगों से आम रास्ता कब्जामुक्त कराने सहित अन्य समस्याएं भी रखी गईं। डीएम ने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

राजस्व की सबसे अधिक 21 शिकायतें

प्राप्त 52 शिकायतों में राजस्व विभाग की 21, विद्युत विभाग की नौ, पुलिस विभाग की आठ, विकास विभाग की सात और नगर पालिका परिषद की तीन शिकायतें शामिल रहीं। वन विभाग और शिक्षा विभाग से संबंधित दो-दो शिकायतें प्राप्त हुईं।

12 गौशालाओं के निरीक्षण के निर्देश

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों को अतरौली तहसील क्षेत्र की 12 गौशालाओं का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य गौआश्रय स्थलों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना है।

इस दौरान एसएसपी नीरज कुमार जादौन, उप जिलाधिकारी सौरभ गुप्ता, तहसीलदार सतीश कुमार, नायब तहसीलदार मयंक गोयल, पीडी आरके कुरील सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित मामलों में आवश्यक निर्देश जारी किए।

Tags