विधान परिषद चुनाव में फर्जी मतदान पर लगेगी लगाम, पहचान पत्र के बिना नहीं डाल सकेंगे वोट

Aligarh Media Desk

 


23 अक्टूबर को होगा मतदान, वोट डालने के लिए मतदाता साथ लाएं निर्धारित पहचान दस्तावेज

अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव में फर्जी मतदान रोकने और मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में मतदाताओं को अपनी पहचान प्रमाणित करने के लिए निर्धारित पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि जिन मतदाताओं के पास फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र है, उन्हें मतदान के समय इसे प्रस्तुत करना होगा। यदि किसी मतदाता के पास यह पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तो वह निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में से किसी एक के माध्यम से अपनी पहचान प्रमाणित कर सकता है।


इन दस्तावेजों से भी कर सकेंगे मतदान के लिए पहचान प्रमाणित

निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी एवं निर्धारित संस्थानों द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र तथा सांसद, विधायक और पार्षदों को जारी सरकारी पहचान-पत्र शामिल हैं।

इसके अलावा संबंधित स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता अपने शैक्षिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा के मूल प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र अथवा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा जारी यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से भी निर्धारित नियमों के तहत अपनी पहचान प्रमाणित कर सकेंगे।


मतदाताओं से पहचान पत्र साथ लाने की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन निर्धारित पहचान दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं। इससे पहचान सत्यापन की प्रक्रिया आसान होगी और मतदान के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करना है, ताकि सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।