अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में लंबे समय बाद छात्र संघ चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर आयोजित फाइनल स्पीच में सभी प्रत्याशियों ने अपना दमखम दिखाया। अपने भाषणों के जरिए प्रत्याशियों ने छात्रों को आकर्षित करने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश की।
फाइनल स्पीच सुनने के लिए विश्वविद्यालय के स्टूडेंट यूनियन हॉल में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्रित हुए। इस दौरान प्रत्याशियों ने अपने-अपने मैनिफेस्टो छात्रों के सामने रखे और चुनाव जीतने पर छात्र हितों में काम करने का भरोसा दिलाया। प्रत्याशियों ने विश्वविद्यालय में छात्रों से जुड़ी समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए आवाज बुलंद करने की बात कही।
छात्रों को चाहिए उनकी समस्याओं के लिए आवाज उठाने वाला प्रतिनिधि
कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं ने कहा कि वे छात्र संघ में ऐसे प्रत्याशी को चुनना चाहते हैं, जो केवल चुनाव के दौरान ही नहीं, बल्कि जीतने के बाद भी उनकी समस्याओं को लेकर सक्रिय रहे। छात्रों का कहना था कि छात्र संघ का प्रतिनिधि उनकी आवाज बने और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने उनकी समस्याओं को मजबूती से रखे।
छात्राओं ने हॉस्टल की सुविधाओं और खानपान पर उठाए सवाल
वहीं, छात्राओं ने विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को प्रमुख समस्या बताया। उन्होंने कहा कि हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा मेस में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध न होना तथा स्वच्छता (हाइजीन) से जुड़ी समस्याएं भी बनी हुई हैं। छात्राओं के मुताबिक, इन मुद्दों को लेकर पहले भी कई बार आवाज उठाई जा चुकी है, लेकिन अब उन्हें उम्मीद है कि चुना जाने वाला छात्र संघ उनकी समस्याओं को गंभीरता से उठाएगा और उनके समाधान के लिए प्रयास करेगा।
फाइनल स्पीच के दौरान छात्रों में चुनाव को लेकर खासा उत्साह नजर आया। अब सभी की निगाहें छात्र संघ चुनाव और मतदान के नतीजों पर टिकी हैं।

