सरकारी राशन की ढुलाई में बड़ा खेल! GPS से छेड़छाड़ कर रहे ठेकेदार के वाहन?
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़|सरकारी राशन को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदामों से उचित दर की दुकानों यानी कोटेदारों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालने वाली फर्म श्री बजरंग कंस्ट्रक्शन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि फैजाबाद की यह फर्म प्रदेशभर में राशन ढुलाई के लिए उपलब्ध कराए गए जीपीएस से लैस वाहनों के जीपीएस सिस्टम के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ कर रही है।
आरोपों के मुताबिक, एक वाहन में लगाए गए जीपीएस को निकालकर दूसरे वाहन में फिट कर दिया जाता है। इस तरह वास्तविक वाहन की लोकेशन और राशन लेकर चलने वाले वाहन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं तो सरकारी खाद्यान्न की ढुलाई में सुरक्षा और पारदर्शिता से जुड़े नियमों का उल्लंघन हो सकता है।
अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल
इस पूरे मामले में खाद्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और एफसीआई में तैनात संबंधित कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कथित गड़बड़ी उनकी जानकारी के बावजूद हो रही है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और फर्म का पक्ष सामने आना तथा निष्पक्ष जांच होना जरूरी है।
कोटेदारों तक पहुंचने से पहले खाद्यान्न में हेराफेरी का आरोप
मामले का सबसे गंभीर पहलू सरकारी राशन की गुणवत्ता और उसकी निर्धारित मात्रा से जुड़ा है। आरोप हैं कि ढुलाई में लगे कुछ वाहन चालक और परिचालक कथित तौर पर खाद्यान्न माफियाओं के संपर्क में रहकर राशन की आपूर्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी कर रहे हैं। इससे सरकारी दुकानों तक पहुंचने वाले खाद्यान्न की मात्रा और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
अब सवाल यह है कि जीपीएस से लैस वाहनों की निगरानी व्यवस्था के बावजूद ऐसी कथित गड़बड़ियां कैसे हो रही हैं? क्या वाहनों के जीपीएस रिकॉर्ड और वास्तविक लोकेशन का मिलान कराया जा रहा है? क्या राशन की लोडिंग से लेकर कोटेदार तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की जांच होगी?
देखिए हमारी यह खास ग्राउंड रिपोर्ट, जिसमें सरकारी राशन की ढुलाई व्यवस्था से जुड़े इन गंभीर आरोपों और उठते सवालों को सामने रखा गया है।
सरकारी खाद्यान पहुंचाने वाली गाड़ियों में नंबरों का खेल?
अलीगढ़ की आरएफसी से निकलने वाले सरकारी खाद्यान के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की व्यवस्था को लेकर अलीगढ़ मीडिया डिजिटल ने पड़ताल शुरू की। हमारी टीम ने दो नवंबर को नगर क्षेत्र के इंद्रा नगर में कोटेदारों तक एसडब्ल्यूसी सूतमिल से भेजे गए सरकारी खाद्यान की पूरी प्रक्रिया को मौके पर जाकर देखा। पड़ताल के दौरान खाद्यान पहुंचाने वाले वाहन और जीपीएस में दर्ज वाहन नंबर को लेकर बड़ा अंतर सामने आया।
इंद्रा नगर के कोटेदार हरिशंकर और भोला शंकर के यहां सरकारी खाद्यान पहुंचाने के लिए एक नवंबर को एसडब्ल्यूसी से जारी मूवमेंट चालान में श्री बजरंग कंस्ट्रक्शन फैजाबाद की गाड़ी संख्या UP81 W 9909 दर्ज थी। मौके पर खाद्यान भी इसी नंबर की गाड़ी से पहुंचाया गया।
लेकिन जीपीएस रिकॉर्ड और कोटेदार के मोबाइल पर मिले संदेश में खाद्यान लेकर आने वाली गाड़ी का नंबर UP81 AF 8721 दर्ज था। यानी मौके पर खाद्यान पहुंचाने वाली गाड़ी और जीपीएस में दिखाई जा रही गाड़ी के नंबर अलग-अलग थे।
आरएफसी पर ही खड़ी मिली जीपीएस वाली गाड़ी
इस अंतर की पड़ताल के लिए हमारी टीम ने जीपीएस में दर्ज वाहन संख्या UP81 AF 8721 की तलाश की। यह वाहन हमारी टीम को आरएफसी परिसर में ही खड़ा मिला। वाहन चालक से बातचीत में उसने बताया कि उसकी गाड़ी का जीपीएस दूसरी गाड़ी के चालक द्वारा मांगकर ले जाया गया है।
इसके बाद सवाल और गंभीर हो जाता है कि आखिर एक वाहन का जीपीएस दूसरी गाड़ी में कैसे इस्तेमाल हो रहा था और सरकारी खाद्यान के परिवहन से जुड़े रिकॉर्ड में इसका इस्तेमाल किस स्तर पर किया जा रहा है?
पड़ताल में सामने आए घटनाक्रम से यह भी सवाल उठता है कि यदि मूवमेंट चालान में एक वाहन संख्या दर्ज है, जबकि जीपीएस और कोटेदार के मोबाइल पर दूसरी गाड़ी की संख्या दिखाई जा रही है, तो सरकारी खाद्यान के परिवहन की वास्तविक ट्रैकिंग किस वाहन के आधार पर की जा रही है।
कर्मचारियों ने कैमरे पर आने से किया इनकार
इस मामले में अलीगढ़ मीडिया डिजिटल की टीम ने आरएफसी में तैनात कर्मचारियों से भी बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया। हालांकि कोई भी कर्मचारी कैमरे के सामने इस मामले पर अपनी बात रखने के लिए तैयार नहीं हुआ।
खाद्यान उतारते समय रसद विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहते हैं। ऐसे में जीपीएस और वास्तविक वाहन के नंबरों में अंतर की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को थी या नहीं, यह भी जांच का विषय है।
अधिकारी बोले—जांच कराकर होगी कार्रवाई
पूरे मामले पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुनील भारती से बातचीत करने का प्रयास किया गया। उन्होंने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच करवाकर कार्रवाई करने की बात कही है।
अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि जीपीएस किस वाहन में लगाया गया था, उसे दूसरी गाड़ी में किसने इस्तेमाल किया और मूवमेंट चालान में दर्ज वाहन तथा जीपीएस रिकॉर्ड में दिखाई दे रहे वाहन के बीच यह अंतर कैसे पैदा हुआ।
सरकारी खाद्यान जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था में वाहनों की सही ट्रैकिंग और रिकॉर्ड की पारदर्शिता बेहद जरूरी है। ऐसे में जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह तकनीकी या प्रक्रियागत गलती थी अथवा इसके पीछे किसी तरह की सुनियोजित गड़बड़ी थी।

