#हाथरस: सत्संग में हुई भगदड़ में अबतक 116 लोगों की मौत की पुष्टि, आयोजकों के विरुद्ध होगी FIR

Chanchal Varma
0

 

अलीगढ मीडिया डिजिटल, हाथरस/अलीगढ: हाथरस में सत्संग में हुई भगदड़ में अब तक 116 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि  हो गयी है| अलीगढ़ मंडल की कमिश्नर चैत्रा वी ने इसकी पुष्टि की है। वहीं काफी संख्या में घायल लोगों को आसपास के जिलों में भर्ती कराया गया है। आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। 

प्रशासन अभी भी घटना में कुल कितने लोगों की मृत्यु हुई और घायल हैं इसका पूरा ब्योरा नहीं जुटा पाया। अब तक सिर्फ 17 मृतकों की ही पहचान हो पाई है। DGP प्रशांत कुमार का कहना है की एसडीएम ने आयोजन की अनुमति दी थी। पुलिस विभाग इस मामले को प्रशासन की तरफ ठेलकर खुद को बचाने में जुट गया है।


हाथरस में भगदड़ से हुई मौतों का मामला 

मृतकों को 2-2 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता 

कार्यक्रम आयोजकों के विरुद्ध होगी एफआईआर, बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है शासन


वहीं घटना पर मुख्यमंत्री नाराज हैं और कड़ी कार्रवाई के लिए कह रहे हैं। घटना दोपहर के आसपास की है लेकिन पुलिस का रिस्पोंस इतना सुस्त था की लखनऊ, अलीगढ़ और हाथरस सब जगह तैनात जिम्मेदार ऑफिसर्स ने मामले को हल्के में लिया। राहत और बचाव कार्य कई घंटे बीत जाने के बाद शुरू हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है की समय रहते अगर राहत बचाव के संसाधन पहुंच जाते तो काफी लोगों को बचाया जा सकता था। 


लेकिन डीजीपी मुख्यालय मीडिया को शाम 4 बजे तक कोई जानकारी नहीं दे पाया था। कमिश्नर, एडीजी और IG भी घटना के काफी देर बाद पहुंचे थे। डीएम और एसपी हाथरस इस पूरे हादसे के बाद राहत बचाव कार्य और संसाधनों को मूव करा पाने में विफल थे। लाशें बिखरी पड़ी थी और घायलों को लेकर लोग इधर उधर भाग रहे थे। 


इस हादसे पर प्रधानमंत्री ने संसद में कहा कि जिन लोगों की हाथरस हादसे में जान गई है.मैं उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की देखरेख में प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उत्तर प्रदेश सरकार से संपर्क में है।


जनपद हाथरस मे घटित घटना मे मृत व घायल व्यक्तियों के सम्बंध मे किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु संपर्क नंबर- 

आगरा जोन कंट्रोल-7839866849

अलीगढ़ रेंज कंट्रोल-7839855724

आगरा रेंज कंट्रोल-7839855724

हाथरस  कंट्रोल-9454417377

एटा  कंट्रोल-9454417438

अलीगढ़ कंट्रोल-7007459568

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)