अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, उत्तर प्रदेश के रायबरेली से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां महज 13 साल की नाबालिग किशोरी ने अस्पताल में एक नवजात बच्ची को जन्म दिया है। किशोरी मूल रूप से अमेठी जिले के शिवरतनगंज क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने अपने ही रिश्तेदार गौरव पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। आरोपी गौरव उसके चचेरे मामा का बेटा बताया जा रहा है। मामले की जांच के दौरान किशोरी ने आरोपी से शादी करने की इच्छा भी जताई थी। हालांकि, कानून के मुताबिक नाबालिग की सहमति को शादी या यौन संबंधों के मामले में वैध सहमति नहीं माना जा सकता।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फिलहाल अस्पताल में नाबालिग मां और उसकी नवजात बच्ची डॉक्टरों की निगरानी में हैं। महज 13 वर्ष की उम्र में किशोरी के मां बनने की इस घटना ने बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण और उनके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। (श्रोत: सोशल मीडिया)

