बोले- बाबूजी कल्याण सिंह का आशीर्वाद दोनों भाइयों पर सदैव बना रहे, बांके बिहारी की कृपा से जीवन मंगलमय हो
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह के तिलक एवं सगाई समारोह में शामिल होकर दोनों भाइयों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। ताला नगरी स्थित रामघाट कल्याण मार्ग पर आयोजित भव्य मांगलिक समारोह में मुख्यमंत्री ने दोनों के सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप सभी दोनों भाइयों को अपना आशीर्वाद प्रदान करें, जिससे उनका जीवन उज्ज्वल और मंगलमय हो। बांके बिहारी की कृपा सदैव दोनों पर बनी रहे। साथ ही उनके दादा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह (बाबूजी) का आशीर्वाद भी दोनों भाइयों पर सदैव बना रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को उपहार भेंट कर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने समारोह में उमड़े जनसैलाब का जिक्र करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती आगंतुकों और शुभकामनाएं देने वालों की संख्या बाबूजी के परिवार के प्रति लोगों के स्नेह और आत्मीय जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने समारोह में पहुंचे सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार अपराह्न करीब 3:45 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से अलीगढ़ पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर करीब 4:17 बजे मंच से जनसमूह का अभिवादन करते हुए उन्होंने 'जय श्रीराम' और 'नमो पार्वती पतये, हर-हर महादेव' के उद्घोष के साथ संबोधन शुरू किया। लगभग छह मिनट तक उन्होंने लोगों को संबोधित किया। इसके बाद करीब 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना हो गए।
उल्लेखनीय है कि संदीप सिंह और सौरभ सिंह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र तथा पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया के पुत्र हैं। समारोह में संदीप सिंह का मेघना के साथ और सौरभ सिंह का अंतरा के साथ तिलक एवं सगाई कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मी नारायण चौधरी, एसपी सिंह बघेल, जयवीर सिंह, दयाशंकर सिंह, सुरेंद्र दिलेर, सांसद सतीश गौतम, पूर्व सांसद राजवीर सिंह, विधायक अनिल पाराशर, राजकुमार सहयोगी सहित प्रदेश सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने पहुंचकर दोनों भाइयों को शुभकामनाएं दीं। पूरे समारोह में उत्साह, उल्लास और पारिवारिक आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।


