अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, हरदुआगंज। दीपावली पर्व को लेकर हरदुआगंज थाने के सामने स्थित ग्राउंड में लगाए गए पटाखा बाजार में अव्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि प्रशासन की ओर से जितनी दुकानों को लाइसेंस जारी किए गए हैं, उससे कई गुना अधिक दुकानें बाजार में लगा दी गई हैं। वहीं, आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम भी नजर नहीं आ रहे हैं। थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर पटाखा बाजार सजाया गया है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहे इस बाजार में लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। बाजार में अलग-अलग तरह के पटाखे, फुलझड़ी, अनार, चकरी और बच्चों के लिए छोटे पटाखों की दुकानें सजाई गई हैं। शाम होते ही पटाखों की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पहुंचकर दीपावली के लिए आतिशबाजी खरीद रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार बाजार में कई नए प्रकार के पटाखे आए हैं, जिन्हें ग्राहक पसंद कर रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक, थाने के सामने बाजार लगाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था बनी हुई है।
हालांकि, बाजार में दुकानों की संख्या और अग्निशमन सुरक्षा के इंतजामों को लेकर प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी मौके पर निरीक्षण कर नियमों के अनुरूप दुकानों का संचालन और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कराते हैं या नहीं।

