रसलगंज से सासनी गेट तक प्रमुख बाजारों का लिया जायजा, महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने और शहर में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को एसएसपी अलीगढ़ ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने रसलगंज चौराहे से पैदल गश्त शुरू करते हुए रेलवे रोड, मीरूमल चौराहा, अब्दुल करीम चौराहा, सर्राफा मार्केट और जयगंज होते हुए सासनी गेट चौराहे तक भ्रमण किया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रियता परखी गई।
महिलाओं से किया संवाद, हेल्पलाइन नंबर बताए
पैदल गश्त के दौरान महिला पुलिस टीम ने बाजार में मौजूद महिलाओं से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। साथ ही महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश
एसएसपी ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान मुख्य मार्गों, चौराहों और बाजारों में लगातार भ्रमणशील रहें। पैदल गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस दौरान एसपी सिटी, सीओ नगर प्रथम, सीओ नगर द्वितीय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

