अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़: प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी 5 अगस्त 2025 को अलीगढ़ दौरे पर पधार रहे हैं। मा0 मुख्यमंत्री जी प्रातः 9:55 बजे आईटीआई मैदान स्थित हेलीपैड पर आगमन करेंगे, जिसके उपरांत वह प्रातः 10:00 बजे कलक्ट्रेट सभागार पहुंचकर 11:15 बजे तक अलीगढ़ मंडल के माननीय मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण एवं विधान परिषद सदस्यों के साथ संवाद बैठक करेंगे।
प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री जी 11:15 बजे से 12:15 बजे तक मंडलीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं एवं विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री जी दोपहर 12:30 बजे नुमाइश मैदान पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा से पूर्व वह विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन, विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास और जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, लाभ वितरण करेंगे।
मुख्यमंत्री जी कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:35 बजे हवाई मार्ग द्वारा आगरा के लिए प्रस्थान प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री जी के इस भ्रमण के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और सुरक्षा एवं व्यवस्था के भी व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

