अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़| अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
विश्वविद्यालय के विद्युत विभाग ने कुलपति प्रो. नइमा खातून के मार्गदर्शन में ऊर्जा संरक्षण जागरूकता सप्ताह की शुरुआत की। कुलपति के सतत विकास पर जोर देने से विश्वविद्यालय की ऊर्जा व्यवस्था में कई सकारात्मक सुधार हुए हैं। इस अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह, जागरूकता रैली और एक सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें ऊर्जा की बचत, अनावश्यक खपत को रोकने और हरित भारत के निर्माण पर चर्चा हुई।
विश्वविद्यालय विधुत विभाग द्वारा यूनिवर्सिटी पाॅलीटेक्निक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सहकुलपति प्रो. एम. मोहसिन खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व कुलपति प्रो. मोहम्मद गुलरेज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कैंपस में सोलर ऊर्जा के विस्तार और विद्युत फीडरों को मजबूत करने जैसे चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल तकनीकी जरूरत नहीं, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से रोजमर्रा की जिंदगी में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर ऊर्जा की बचत करने की अपील की।
डीवीवीएनएल अलीगढ़ के मुख्य अभियंता इंजीनियर पंकज अग्रवाल ने आधुनिक विद्युत प्रणाली में ऊर्जा दक्षता के महत्व पर अपने विचार रखे और ऊर्जा के जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया।कार्यक्रम का आयोजन प्रो. सलमान हमीद (एमआईसी, विद्युत) और डॉ. शीराज किरमानी ने किया। उनकी देखरेख में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शपथ ग्रहण समारोह में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने ऊर्जा की बचत, अपव्यय रोकने और हरित कैंपस के निर्माण का संकल्प लिया। इसके बाद पॉलिटेक्निक बॉयज से डक प्वाइंट तक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें सभी ने तख्तियां लेकर नारे लगाए। कार्यक्रम में एएमयू के एनर्जी मॉनिटर्स को भी सम्मानित किया गया, जो कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, हॉस्टलों और कार्यालयों में बिजली की बचत के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
इसी क्रम में, एएमयू गर्ल्स स्कूल में भी राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम प्रिंसिपल आमना मलिक और वाइस प्रिंसिपल अलका अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। छात्राओं ने ऊर्जा संरक्षण की शपथ ली। कक्षा 10-एफ की छात्रा सिफत मिर्जा ने घर और स्कूल में ऊर्जा बचाने के उपायों पर भाषण दिया।
छात्राओं और शिक्षकों ने मिलकर ऊर्जा संरक्षण की शपथ पढ़ी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन राना हबीब खान और सुंदुस नूरुल ऐन ने किया।

