ताला नगरी में विद्युत ट्रिपिंग से राहत, प्लग एंड प्ले शेड और प्लेज़ पार्क कनेक्टिविटी पर फोकस

 गजेंद्र कुमार, रिपोर्टर

औद्योगिक विकास को गति देने के लिए डीएम सख्त, विद्युत, सड़क व प्लेज़ पार्क मुद्दों पर दिए ठोस निर्दे

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु एवं व्यापार बन्धु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर समाधान के लिए प्रभावी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा जनपद में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान हमारी प्राथमिकता है। बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


बैठक में सीडीएफ एवं ताला नगरी औद्योगिक क्षेत्र में 132 केवीए विद्युत केंद्र की स्थापना, अप्रेन्टिशिप अधिनियम के अंतर्गत अधिकाधिक प्रशिक्षुओं के पंजीयन, एमएसएमई विभाग द्वारा विकसित प्लेज़ पार्क में प्लॉट आवंटन तथा उसके संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण में बाधा बन रही विद्युत लाइनों को शिफ्ट कराने पर विचार विमर्श किया गया। इसके साथ ही पीपीपी मॉडल पर आधारित प्लेज़ पार्क के विकास, औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत ट्रिपिंग की समस्या के स्थायी समाधान और सड़कों के गड्ढ़ों को भरवाने के निर्देश दिए गए। नवीन औद्योगिक आस्थान ख्यामाई में प्लग एंड प्ले आधार पर शेड विकसित करने, वहां मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और आवंटियों को अनावश्यक नोटिस न दिए जाने के विषय पर भी चर्चा हुई। मिडवेस्ट इक्यूस्ट्रीयन लिमिटेड के स्टाम्प ड्यूटी प्रकरण में अनुमति प्रदान किए जाने पर भी विचार किया गया।

उद्यमियों की मांग पर ताला नगरी में विद्युत उपकेंद्र स्थापना का मुद्दा उठा, जिस पर आरएम यूपीएसआईडीसी श्याम गोपाल ने अवगत कराया कि भूमि उपलब्ध न होने के कारण छेरत में विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। आईटीआई प्रधानाचार्य ने जानकारी दी कि 738 प्रशिक्षुओं को रोजगार से जोड़ा गया है। प्लेज़ पार्क के संपर्क मार्ग निर्माण एवं विद्युत लाइनों के शिफ्टिंग संबंधी मांगों पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने आश्वस्त किया कि इन्हें आगामी कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। विद्युत ट्रिपिंग की समस्या पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि ब्रेकडाउन की स्थिति में व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से त्वरित सूचना उपलब्ध कराई जाए और उपभोक्ताओं को अनावश्यक असुविधा न हो। व्यापार बंधु की बैठक में सेंटर प्वाइंट स्थित मंगलम पैलेस एवं भगवती पैलेस के सामने हैंडपंप स्थापना और शौचालय निर्माण के लिए नगर निगम को स्थल चिन्हित कर शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मा0 एमएलसी प्रो0 तारिक मंसूर, उपायुक्त उद्योग एस0पी0 यादव, सहायक आयुक्त उद्योग ब्रजेश यादव, उद्यमी चन्द्रशेखर शर्मा, लल्लू सिंह, सतीश माहेश्वरी, कमल गुप्ता, दिनेश कुमार अग्रवाल, धीरेन्द्र कुमार, जितेन्द्र शर्मा, घनश्यामदास जैन सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण व उद्यमी उपस्थित रहे।

----