बागपत में विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई
40 हजार की रिश्वत लेते जिला आपूर्ति अधिकारी गिरफ्तार
बुढ़सैनी गांव के राशन डीलर से मांगा गया था कमीशन।
रिश्वत लेते ही मौके से दबोचा गया आरोपी अधिकारी
बागपत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई जारी
कार्रवाई के बाद पूर्ति विभाग में मचा हड़कंप
अनूप तिवारी करीब एक साल से बागपत में थे तैनात
अलीगढ मीडिया डिजिटल, बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी को विजिलेंस टीम ने उनके कार्यालय से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। टीम को अनूप तिवारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
पिलाना ब्लॉक के एक राशन डीलर की शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को यह कार्रवाई की। आरोप है कि जिला पूर्ति अधिकारी राशन डीलर से कमीशन की मांग कर रहा था और उन पर लगातार दबाव बना रहा था। अनूप तिवारी पर पहले भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं।
गिरफ्तारी के बाद उन्हें बागपत कोतवाली ले जाया गया है, जहां विजिलेंस टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। आपूर्ति विभाग के कार्यालय से अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद विभाग में हड़कंप मचा है और पूरे मामले की गहन छानबीन जारी है।

