पीएम किसान उत्सव दिवस’ पर लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र, आधुनिक कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर शनिवार को पूरे देश के साथ अलीगढ़ में भी ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद, विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक किया गया, जिससे बड़ी संख्या में किसान इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले के 2,91,501 किसानों को 23वीं किस्त का लाभ प्राप्त हुआ। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें मा0 कोल विधायक श्री अनिल पाराशर, मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त कृषि निदेशक अलीगढ़ मंडल, उप कृषि निदेशक, उप कृषि निदेशक (कृषि रक्षा), जिला कृषि अधिकारी, कृषि वैज्ञानिकों एवं विभिन्न विकास खण्डों से आए किसानों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला कृषि अधिकारी द्वारा किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज वितरण एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए किया गया। संयुक्त कृषि निदेशक, अलीगढ़ मंडल ने किसानों को फसल बीमा योजना, मेड़ पर खेती, तिलहन एवं दलहनी फसलों के उत्पादन, श्रीअन्न के महत्व तथा नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर ने किसानों से अपनी भूमि की मृदा स्वास्थ्य जांच कराने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पीएम किसान योजना के लाभार्थियों को पीएम किसान लाभार्थी प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों एवं वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी देकर उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए। कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी अतिथियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताई तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

