अमरचंद कन्या इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया 94वां स्थापना दिवस
अतरौली। अमरचंद कन्या इंटर कॉलेज, अतरौली में विद्यालय का 94वां स्थापना दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी अतरौली तथा विशिष्ट अतिथि जीजीआईसी अलीगढ़ की मनोविज्ञान प्रवक्ता विनीत वार्ष्णेय, पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक एवं अन्य अतिथियों की मौजूदगी में विद्यालय के प्रबंधक मनमोहन अरोड़ा एवं श्रीमती उषा अरोड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। छात्राओं ने ‘अनेकता में एकता’ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं ‘रंगीला म्हारो ढोलना’ पर छात्राओं की राजस्थानी नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। प्रस्तुति के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक मनमोहन अरोड़ा ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि करीब 93 वर्ष पहले छात्राओं के लिए शिक्षा प्राप्त करना काफी कठिन था। ऐसे समय में विद्यालय ने बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्राएं देश का भविष्य हैं। उन्होंने छात्राओं को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इसी विद्यालय की छात्राएं भविष्य में ऊंचे पदों पर पहुंचकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं पूनम पालीवाल, संध्या रानी, अंजलि रानी, प्रियंका सिंह, निहारिका चौधरी, संध्या राजीव, गिरजेश, चंचल तथा प्रमोद सिंघल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन शशि वाला ने किया। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य करुणा कुमारी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, छात्राओं एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।p

