अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर अलीगढ़ स्केटिंग क्लासेस की ओर से आयोजित विशेष स्केटिंग प्रतियोगिता में शहर के प्रतिभाशाली स्केटर मोहम्मद मुस्तफा खान ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। मुस्तफा ने लगातार 80 मिनट तक स्केटिंग करने का हैरतअंगेज कारनामा करते हुए एक साथ तीन अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज कराया है जोकि Google पर भी उपलब्ध है ।
मुस्तफा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को फोर्ब्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और यूरोपीय यूनियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में आधिकारिक तौर पर शामिल किया गया है। महाराष्ट्र से इस प्रतिष्ठित रिकॉर्ड इवेंट के मेडल और सर्टिफिकेट अलीगढ़ भेजे गए, जिन्हें मुस्तफा को प्रदान किया गया।
मोहम्मद मुस्तफा खान अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के एबीके (ABK) हाई स्कूल के कक्षा 9वीं के छात्र हैं। उनकी इस स्वर्णिम सफलता पर उनके स्कूल, परिवार और अलीगढ़ के खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह और हर्ष का माहौल है।
पूर्व में भी जीत चुके हैं कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान
मुस्तफा का खेल करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। स्केटिंग में इससे पहले भी वे कई वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। इसके अलावा:
वे नेशनल स्केट खो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम के कप्तान रह चुके हैं, जहां उनके नेतृत्व में यूपी की टीम रनर-अप (उपविजेता) बनी थी। उन्हें दिल्ली में 'बेस्ट स्केटिंग खिलाड़ी' का स्पेशल अवार्ड भी मिल चुका है।
खेल के क्षेत्र में उनकी प्रतिभा को देखते हुए एएमयू के पूर्व वाइस चांसलर प्रो. मोहम्मद गुलरेज और पूर्व एएमयू स्कूल डायरेक्टर प्रो. असगर अली खान उन्हें 'इमर्जिंग बेस्ट स्पोर्ट्स प्लेयर' (Emerging Best Sports Player) के खास अवार्ड से भी नवाज चुके हैं।
मुस्तफा की इस नई कामयाबी ने न केवल अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि मुस्तफा आने वाले समय में देश के लिए और भी बड़े मेडल जीतेंगे।

