पीईटी-2026: अलीगढ़ में 68.22 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, 12,139 रहे अनुपस्थित

प्रवीन कुमार, ब्यूरो चीफ अलीगढ़

 


डीएम अविनाश कुमार ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा कराने के दिए निर्देश

अलीगढ़। जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 शुक्रवार को दो पालियों में 39 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल पंजीकृत 38,208 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 26,069 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 12,139 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल 68.22 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।


परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनता इंटर कॉलेज छेरत सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने के साथ शासन की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

प्रथम पाली में 6,282 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

प्रथम पाली में कुल 19,104 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 12,822 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6,282 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 67.11 रहा।

द्वितीय पाली में बढ़ी उपस्थिति

द्वितीय पाली में भी 19,104 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 13,247 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 5,857 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 69.37 दर्ज किया गया। दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Tags