Harduaganj: चार माह से लापता किशोर का खेत में मिला कंकाल! हत्या की आशंका

Chanchal Varma

 


जुताई के दौरान मोबाइल और कपड़े मिलने के बाद मचा हड़कंप, पुलिस ने कंकाल पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा

अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। हरदुआगंज थाना क्षेत्र के सपेरा भानपुर गांव से करीब चार माह से लापता 16 वर्षीय कालू उर्फ कृपाली की हत्या की आशंका जताई जा रही है। गुरुवार को गांव के ही एक खेत में जुताई के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मानव कंकाल बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। कंकाल के पास से एक मोबाइल फोन और कपड़े भी मिले हैं, जिन्हें ग्रामीणों द्वारा लापता किशोर कालू उर्फ कृपाली का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक सपेरा भानपुर निवासी कालू उर्फ कृपाली करीब चार माह पहले अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट हरदुआगंज थाने में दर्ज कराई थी। काफी समय बीतने के बाद भी किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

गुरुवार सुबह गांव के एक किसान के खेत में जुताई का काम चल रहा था। इसी दौरान खेत में मोबाइल फोन और कपड़े दिखाई दिए। ग्रामीणों ने सामान को कालू उर्फ कृपाली से संबंधित बताया। इसके बाद खेत में आगे जांच करने पर मानव कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गुरुवार देर रात कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि उसकी पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल बरामद कंकाल कालू उर्फ कृपाली का ही है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

         (रिपोर्ट: लोकेश चौधरी, हरदुआगंज)