अलीगढ़: पुलिस अधिकारी बनकर बुजुर्ग से 4.50 लाख रुपये की साइबर ठगी, जांच के नाम पर डराकर खाते में डलवाए पैसे

madan pal singh


 अलीगढ़: पुलिस अधिकारी बनकर बुजुर्ग से 4.50 लाख रुपये की साइबर ठगी, जांच के नाम पर डराकर खाते में डलवाए पैसे


अलीगढ़ (अतरौली)। साइबर ठगों ने खुद को पुलिस और जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर अतरौली निवासी एक व्यक्ति को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उनके साथ 4 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को प्रार्थना पत्र देकर न्याय और अपनी जीवन भर की संचित धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

आधार कार्ड हैक होने और आतंकी हमले का दिखाया डर

अतरौली कस्बे के मोहल्ला खत्रीपाड़ा निवासी विजय कपूर पुत्र स्व. हरदुआरीलाल कपूर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:40 बजे उनके पास एक अज्ञात नंबर (8486753168) से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एसएसपी कार्यालय अलीगढ़ से इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह बताया। ठग ने दावा किया कि पीड़ित का आधार कार्ड हैक कर उसके जरिए आईसीआईसीआई बैंक में एक खाता खोला गया है, जिसका इस्तेमाल दिल्ली में हुए आतंकी हमले में संलिप्त लोगों ने लेन-देन के लिए किया है।

जांच के नाम पर वसूले 4.50 लाख रुपये

ठगों ने पीड़ित के व्हाट्सएप नंबर पर बैंक लेन-देन का फर्जी विवरण और आरबीआई (RBI) के नकली पत्र भेजकर उन्हें बुरी तरह डरा दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में 212 लोगों की जांच चल रही है और अगर वे किसी को कुछ बताए बिना जांच में सहयोग नहीं करेंगे, तो उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

अगले दिन यानी 20 नवंबर को दूसरे नंबर (9706911209) से फिर फोन आया और 'वास्तविक जांच' पूरी होने तक एक बैंक खाते (CSB बैंक) में पैसे जमा करने को कहा गया। ठगों ने भरोसा दिलाया कि 24 घंटे के भीतर उनकी रकम वापस आ जाएगी। डर और मानसिक दबाव में आकर विजय कपूर ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की अतरौली शाखा से चेक के माध्यम से 4,50,000 रुपये बताए गए खाते में जमा कर दिए।

पैसे वापस न मिलने पर हुई ठगी की आशंका

21 नवंबर की सुबह जब ठगों ने दोबारा फोन कर फिर से पैसों की वापसी का झूठा आश्वासन दिया, तो पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने एसएसपी अलीगढ़ को लिखित शिकायत देकर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग की है।