सीएचसी अतरौली में कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम में 9.72 लाख के घोटाले का आरोप, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

madan pal singh

 सीएचसी अतरौली में कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम में 9.72 लाख के घोटाले का आरोप, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग


*आरटीआई से मिली पेमेंट शीट के आधार पर शिकायत, एक ही व्यक्ति को सुपरवाइजर और फ्रंटलाइन वर्कर दोनों मदों में भुगतान का दावा*


*अतरौली (अलीगढ़)।* सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली में कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में खर्च की गई 9,72,981 रुपये की धनराशि में गंभीर वित्तीय अनियमितता और घोटाले का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी अलीगढ़ को शिकायत पत्र सौंपा गया है। शिकायतकर्ता ने मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और सरकारी धन की वसूली की मांग की है।


शिकायतकर्ता मनीष चौधरी पुत्र ओमवीर सिंह, निवासी ग्राम भवनगढ़ी, पोस्ट साधु आश्रम, तहसील कोल, जनपद अलीगढ़ ने दिनांक 26-08-2026 को यह शिकायत दी है। उनका कहना है कि सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत सीएचसी अतरौली से प्राप्त कुष्ठ रोग सर्वे माह मार्च सुपरवाइजर-2025 की पेमेंट शीट के परीक्षण से कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं।


*शिकायत में क्या आरोप हैं?*


शिकायत में बिंदुवार आरोप लगाए गए हैं कि -


*1. वीरपाल सिंह -* 22-03-2025 को सुपरवाइजर पद पर एसबीआई और पीएनबी के दो अलग-अलग खातों में 2,800-2,800 रुपये का भुगतान हुआ। फिर 31-03-2025 को पुरुष फ्रंटलाइन वर्कर मद में भी उन्हीं दोनों खातों में 1,049 और 1,050 रुपये का भुगतान दर्शाया गया।


*2. निहाल सिंह -* एसबीआई खाते में सुपरवाइजर के लिए 2,800 रुपये और फ्रंटलाइन वर्कर मद में 1,050 रुपये का भुगतान।


*3. रिंकू कुमार -* पीएनबी खाते में सुपरवाइजर के लिए 2,800 रुपये और फ्रंटलाइन वर्कर मद में 1,050-1,050 रुपये की दो अलग-अलग धनराशि का भुगतान।


*4. प्रेमपाल सिंह -* पीएनबी खाते में सुपरवाइजर के लिए 2,800 रुपये और फ्रंटलाइन वर्कर मद में 1,050 रुपये का भुगतान।


*5. रामप्रकाश -* केनरा बैंक खाते में सुपरवाइजर के लिए 2,800 रुपये और फ्रंटलाइन वर्कर मद में 1,050 रुपये का भुगतान।


*6. सीमा देवी -* पीएनबी खाते में सुपरवाइजर के लिए 2,800 रुपये और फ्रंटलाइन वर्कर मद में 1,050 रुपये का भुगतान।


शिकायत में कहा गया है कि एक ही व्यक्ति को एक ही कार्यक्रम में अलग-अलग मदों और खातों के माध्यम से भुगतान किया जाना धनराशि के दुरुपयोग की ओर इशारा करता है।


*फर्जी फर्मों को भुगतान का भी आरोप*


शिकायत में यह भी आरोप है कि कुल धनराशि में से कुछ धनराशि का भुगतान मानकों के विपरीत फर्मों को किया गया। आरोप है कि बिना वास्तविक कार्य कराए या सेवा की आपूर्ति प्राप्त किए बिल-वाउचर के आधार पर भुगतान दर्शाकर सरकारी धन का आहरण किया गया।


*ब्लॉक अकाउंट मैनेजर की भूमिका पर सवाल*


शिकायतकर्ता का कहना है कि भुगतान शीट तैयार करने, अभिलेख संधारण, बैंक खातों का विवरण उपलब्ध कराने और पीएफएमएस अथवा संबंधित वित्तीय प्रणाली से भुगतान की प्रक्रिया में ब्लॉक अकाउंट मैनेजर की भूमिका महत्वपूर्ण रही है, इसलिए उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।


*मांग*


शिकायतकर्ता ने मांग की है कि 9,72,981 रुपये की संपूर्ण धनराशि की जांच ऐसी समिति से कराई जाए जो भुगतान प्रक्रिया से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी न हो। आरटीआई से प्राप्त समस्त भुगतान शीटों का अन्य वित्तीय दस्तावेजों से मिलान कराया जाए। यदि आरोप सही पाए जाएं तो दोषी कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कठोरतम कार्रवाई और धनराशि की वसूली की जाए।