अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़|अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बीच मुकाबले को लेकर छात्रों में चर्चा तेज है। एक छात्र के मुताबिक, सिटी डिपार्टमेंट के रिसर्च स्कॉलर नोमान अशरफ अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी फाइनल स्पीच के बाद छात्रों के बीच अच्छा माहौल देखने को मिला है।
वहीं, दूसरे प्रत्याशी इंतिखाब भी हिस्ट्री विभाग से जुड़े रिसर्च स्कॉलर बताए जा रहे हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। इसके अलावा इंजीनियरिंग विभाग से एमटेक के छात्र जुहैर भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं।
छात्र ने बताया कि फाइनल स्पीच के दौरान नोमान अशरफ और इंतिखाब दोनों ने प्रभावशाली तरीके से अपनी बात रखी। स्पीच के बाद छात्रों के बीच प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि, चुनाव का अंतिम परिणाम मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा।
एएमयू छात्रसंघ चुनाव में नोमान अशरफ और इंतिखाब के बीच मुकाबले की चर्चा
अब तक जो माहौल देखने को मिला है, उसमें नोमान अशरफ और इंतिखाब के बीच मुकाबला नजर आ रहा है। हालांकि, चुनावी माहौल को लेकर अभी दोनों पक्षों के बीच बराबरी की स्थिति दिखाई दे रही है।
एक छात्र के अनुसार, एएमयू में मुद्दों की कोई कमी नहीं है। यहां छात्रों के मुद्दे हैं, विश्वविद्यालय के मुद्दे हैं, इंतजामिया से जुड़े सवाल हैं और जमीन से जुड़े विषय भी हैं। दोनों प्रत्याशी अपनी-अपनी ओर से इन मुद्दों को उठा रहे हैं और छात्रों के सामने अपना पक्ष रख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों की उम्मीद है कि चुनाव में उठाए जाने वाले मुद्दे विद्यार्थियों के हित, विश्वविद्यालय के हित और इंतजामिया के हित में हों, ताकि संस्थान में बेहतर माहौल बने और एक अच्छी व्यवस्था का गठन हो सके।

