एसएसपी ने मोबाइल स्वामियों को सौंपे फोन, पिछले एक साल में 1823 मोबाइल बरामद कर चुकी है पुलिस
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। अलीगढ़ पुलिस की सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 382 खोए और गिरे हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 77 लाख 35 हजार 736 रुपये बताई गई है। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने अलीगढ़ पुलिस का आभार जताया।
सीईआईआर पोर्टल की शिकायतों पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर सर्विलांस सेल को खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र के निर्देशन में सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अलग-अलग कंपनियों के 382 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए।
एक साल में 3.42 करोड़ के 1823 मोबाइल बरामद
पुलिस के मुताबिक, पिछले एक वर्ष में अलीगढ़ पुलिस की विभिन्न टीमों ने कुल 1823 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 42 लाख 22 हजार 682 रुपये है। पुलिस ने लोगों को सीईआईआर पोर्टल की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी।
मोबाइल खोने पर ऐसे करें शिकायत
एसएसपी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है तो वह सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अपने मोबाइल को ब्लॉक करा सकता है। इससे मोबाइल के दुरुपयोग को रोकने में मदद मिलती है। मोबाइल बरामद होने पर उसे उसके वास्तविक स्वामी को वापस सौंपने की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
इस कार्रवाई में प्रभारी सर्विलांस सेल और उनकी टीम सहित विभिन्न थानों की पुलिस टीम शामिल रही।

