तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में आर्य जगत के विद्वान और भजनोपदेशक दे रहे प्रस्तुति, सोमवार तक चलेगा कार्यक्रम
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़| आर्य समाज चंडौली बुजुर्ग का 43वां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। 31 अक्टूबर से शुरू हुआ तीन दिवसीय यह धार्मिक आयोजन 2 नवंबर तक चलेगा। उत्सव में आर्य जगत के प्रसिद्ध विद्वान, संत और भजनोपदेशक शामिल होकर श्रद्धालुओं को धर्म और अध्यात्म का संदेश दे रहे हैं।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में स्वामी शिवानंद महाराज के आगमन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रातःकालीन सभा में स्वामी शिवानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को सूक्ष्म एवं सारगर्भित प्रवचन दिया। उनके विचारों और आध्यात्मिक संदेश को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। प्रवचन के दौरान उपस्थित लोगों ने आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
इसके बाद मध्याह्न सभा का आयोजन किया गया। मंच से सभी श्रद्धालुओं, माताओं, बहनों, युवाओं और धर्मप्रेमी सज्जनों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मंच संचालक ने कहा कि स्वामी शिवानंद महाराज का सानिध्य और आशीर्वाद प्राप्त होना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आर्य जगत के प्रसिद्ध भजनोपदेशक भाई अवशेख जी भी अपनी प्रस्तुति देंगे। उनके भजनोपदेश को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह है।
आयोजन में भाई सुंदरम सिंह, भाई सुखपाल सिंह, दर्शनावतार गौतम जी और लवली सिंह सहित अन्य विद्वानों एवं अतिथियों के भी शामिल होने का कार्यक्रम है। तीन दिवसीय उत्सव के दौरान धार्मिक प्रवचन, भजन और उपदेश के माध्यम से श्रद्धालुओं को वैदिक संस्कृति एवं धर्म के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
आयोजन के निवेदक देवदत्त सिंह आर्य ने सभी धर्मप्रेमी सज्जनों, माताओं, बहनों और भाइयों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर धर्मलाभ उठाने की अपील की है।

