अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। थ्री डॉट्स स्कूल की शिक्षिकाओं ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए क्वार्सी थाने में शिकायत दी है। शिक्षिकाओं का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामले में शिक्षिकाओं ने भाजपा की एक महिला नेता से भी मदद की गुहार लगाई है।
ज्वालापुरी निवासी एक शिक्षिका ने क्वार्सी थाने में दी शिकायत में बताया कि वह थ्री डॉट्स स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिकायत के अनुसार, स्कूल के मैनेजमेंट विभाग में कार्यरत रामकुमार शर्मा उन्हें ऐसे कार्यालय में बुलाते थे, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। शिक्षिका का आरोप है कि वहां उनके साथ गलत व्यवहार करने और जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया।
शिकायत में शिक्षिका ने आरोप लगाया कि वह किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं। इसके बाद भी देर रात तक फोन कर उन्हें बाहर बुलाने का प्रयास किया जाता रहा। शिक्षिका का कहना है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन को पूरे मामले की जानकारी देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनके ही काम में कमियां निकाली गईं और नौकरी से निकालने की धमकी दी गई।
शिक्षिका के मुताबिक, परेशान होकर उन्होंने क्वार्सी थाने में शिकायत दी, लेकिन अभी तक मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अन्य शिक्षिकाओं ने भी स्कूल प्रबंधन के व्यवहार को लेकर अपनी शिकायतें सामने रखी हैं। शिक्षिकाओं ने अब भाजपा की एक महिला नेता से मदद मांगते हुए मामले में कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
वहीं, पूरे प्रकरण को लेकर स्कूल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया। स्कूल प्रबंधन ने मामले पर कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

