बाजारों में 24 घंटे पुलिस निगरानी, पटाखों की बिक्री खुले स्थानों पर कराने और निर्बाध बिजली-पानी आपूर्ति के निर्देश
अलीगढ मीडिया डिजिटल, लखनऊ| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारों दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उल्लास और उमंग के पर्वों के दौरान प्रदेश में कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। त्योहारों पर सौहार्द और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्सव के माहौल को उपद्रव में बदलने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने सरकारी राशन वितरण में घटतौली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ नजीर बनने वाली कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को समय से मानदेय भुगतान करने के निर्देश भी दिए।
किसानों को खाद और धान खरीद में न हो परेशानी
मुख्यमंत्री ने खाद की कालाबाजारी और धान खरीद में देरी पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद की उपलब्धता और धान क्रय केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, जनसुविधाओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

