मातृछाया हॉस्पिटल में आयोजित शिविर में बच्चों को बांटी गईं निःशुल्क दवाइयां, माताओं को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ| इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) की अलीगढ़ शाखा की ओर से स्वर्गीय डॉ. लवनीश मोहन अग्रवाल की स्मृति में गुरुवार को रामघाट रोड स्थित अतरौली अड्डा के मातृछाया हॉस्पिटल में विशाल निःशुल्क बाल रोग चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 200 से अधिक बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही सभी बच्चों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
माता-पिता ने चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय डॉ. लवनीश मोहन अग्रवाल के चित्र पर उनके माता-पिता द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। शिविर में बाल रोग विशेषज्ञों ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।
मौसमी बीमारियों से बचाव के बताए उपाय
शिविर में बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, दस्त, डायरिया और कुपोषण से पीड़ित बच्चों की जांच की गई। चिकित्सकों ने बच्चों की माताओं को संतुलित आहार, बेहतर पोषण, स्वच्छता और मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
बाल रोग विशेषज्ञों ने दीं सेवाएं
इस अवसर पर आईएपी अलीगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बंसल, सचिव डॉ. अभिषेक शर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. नीलम मंधार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वाईके द्विवेदी, डॉ. रोहित वाष्णेय, डॉ. शिवाली सिंह, डॉ. आलोक कुलश्रेष्ठ, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. ललित मोहन अग्रवाल, डॉ. सुरभि अग्रवाल और डॉ. सौरभ तोमर सहित अनेक बाल रोग विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
आईएपी अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बंसल ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. लवनीश मोहन अग्रवाल की स्मृति में आयोजित यह शिविर उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आईएपी अलीगढ़ शाखा भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी आयोजन करती रहेगी।

