#कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि के बहाने लोध वोट को रिझाने की होगी कोशिश!

Aligarh Media Desk

अलीगढ मीडिया डिजिटल,अलीगढ़| पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर 21 अगस्त को मनाए जाने वाले हिंदू गौरव दिवस के बहाने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए लोध वोटरों को साधने की कोशिश होगी| तालानगरी के पास रामघाट रोड स्थित निजी स्थान पर गुरुवार को होने वाले इस कार्यक्रम में जगदगुरु रामभद्राचार्य भी शामिल होंगे।

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई दिग्गज नेताओं का भी आना तय माना जा रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आने की स्वीकृति मिल चुकी है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

 कार्यक्रम के लिए तालानगरी स्थित मैदान में साफ सफाई व पांडाल आदि बनाने काम जोरों पर हैं। अब तक इस आयोजन की तैयारियों को लेकर चल रही बैठकों से दूरी बनाने वाले कार्यकर्ताओं के साथ सोमवार को एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैय्या ने अपने आवास पर बैठक की। 

उन्होंने पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, यतेंद्र वाईके, अनीता जैन, डीएस पाल, संदेश राज सहित शहर के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों से आयोजन में भीड़ जुटाने के लिए सुझाव मांगे। साथ ही जिम्मेदारियां सौंपी।

 कार्यक्रम की सफलता के लिए भाजपा नेता मानव महाजन ने नगला मसानी में बैठक की। इस दौरान कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को शामिल करने के लिए कार्यकर्ताओं से कहा गया।