नगर आयुक्त के घेराव में प्रवर्तन दल नें सपा नेता अज्जू इशहाक के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट!

Aligarh Media Desk


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। अलीगढ़ के नगर आयुक्त को चैंबर में घुस कर धमकी देने वाले सपा नेता अज्जू इशहाक के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू हो गई है। सहायक नगर आयुक्त के साथ पहुंचे प्रवर्तन दल ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। प्रवर्तन दल के किशोर कुमार शर्मा की तहरीर पर पुलिस कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाने में दी तहरीर में कहा गया है कि 24 फरवरी को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा अपने कार्यालय में बैठकर जन समस्याएं सुन रहे थे। उसी दौरान सपा नेता अज्जू इशहाक, प्रशांत वाल्मीकि और कांग्रेस नेता आगा यूनुस हथियारों से लैस होकर जबरदस्ती नगर आयुक्त के कार्यालय में घुस आए। नेताओं ने कार्यालय में घुसते ही नारेबाजी शुरू कर दी। आरोप है कि उस समय कार्यालय में कुछ महिलाएं भी बैठी हुई थीं। काफी संख्या में समर्थकों के साथ घुसे नेताओं ने मर्यादा लांघते हुए चिल्लाते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। जैसे ही नगर आयुक्त ने सभी को शांति से बैठकर बात करने के लिए कहा, वैसे ही नेताओं ने भीड़ के साथ नगर आयुक्त को घेर लिया।


तहरीर में आरोप लगाया है कि सपा नेता अज्जू इशहाक ने गंदी-गंदी गालियां देते हुए नगर आयुक्त को जान से मारने की धमकी दी। नेता ने धमकी देते हुए कहा कि अभी तो कार्यालय में हो, जब सड़क पर होगे देख लूंगा। तभी अज्जू इशहाक के इशारे पर उनके साथ आए व्यक्ति ने कार्यालय में रखी स्टील की कुर्सी हमला करने के इरादे से उठा ली। इस पर कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने उसे छीन लिया। अज्जू इशहाक ने चिल्लाते हुए नगर आयुक्त की टेबिल पर हाथ मारते हुए धमकी दी थी।