अलीगढ़ में होली खेलकर आ रहे छात्र पर बरसी गोली, एक क़ी मौत!

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ | महानगर के वार्ष्णेय कॉलेज के बाहर शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो छात्रों पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। छात्र-छात्राएं दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।घायल छात्र को तत्काल मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल से बातचीत के दौरान घायल छात्र ने पुलिस को दिए बयान में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसके मुताबिक कॉलेज में एक दबंग युवक ने उसकी रैगिंग की थी। विरोध करने पर उसे धमकी दी गई थी। पुलिस को आशंका है कि यह गोलीबारी उसी पुराने विवाद का नतीजा हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों से छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ बन्नादेवी कमलेश ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच होगी।