अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़: उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन के अंतर्गत किए गए अभूतपूर्व जनकल्याणकारी कार्यों एवं उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डीडीयू परिसर में चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।
जिला मुख्यालय पर आयोजित इस चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन मा० विधायक कोल द्वारा शुक्रवार को फीता काटकर किया गया था। शनिवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं जनसामान्य नागरिकों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं उपलब्धियों का अवलोकन किया गया। जनसमान्य ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इससे आमजन को प्रदेश एवं जिलों में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो रही है। चित्र प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी, छात्र-छात्राएं एवं विभिन्न वर्गों के लोग उमड़ पड़े। प्रदर्शनी स्थल पर लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। आमजन विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से जनसामान्य को सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, सूचना निदेशालय से प्राप्त होर्डिंग, प्रचार सामग्री सांस्कृतिक दलों के माध्यम से भी व्यापक जनजागरूकता का कार्य किया जा रहा है। चित्र प्रदर्शनी को देखने के लिए उमड़ी भीड़ एवं योजनाओं के प्रति लोगों में दिखा उत्साह कार्यक्रम की सफलता का प्रतीक रहा।

