अलीगढ में युवती के पड़ोसी से प्रेम-सम्बन्ध, सामाजिक बंधन समझाने पर नहीं मानी बेटी तो पिता ने कर दिया बड़ा कांड

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़| नारी शक्ति को प्रोत्साहित कर महिलाओं को समाज में खास पहचान दिलाने के लिए सरकार बहुत प्रयास और कार्यक्रम चला रही है ताकि उन्हें समाज में बराबरी और आजादी से अपनी भूमिका निभा सके| लेकिन जब यह आजादी समाजिक परंपरा विरोधी बन जाये तो उसके परिणाम गंभीर होना तय है| ताज़ा मामला अलीगढ़ के टप्पल थाना इलाके के जरारा गांव का है| यहाँ एक युवती को गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग हो जाता है, इससे नाराज पिता बेटी को खूब समझाता है लेकिन बेटी पिता की एक नहीं सुनती| सामाजिक शर्मिंदगी और अपमान से आहत पिता पूरन सिंह ने अपनी 19 वर्षीय बेटी शिवानी की बेरहमी से हत्या कर दीं और शव खेत में दफना दिया| खेत में खुदी मिट्टी देख मां को शक हुआ, जिसकी सूचना पर पुलिस ने प्रशासनिक मौजूदगी में खुदाई कराकर शव बरामद किया|पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है|



यह पूरी घटना किसी फिल्मी पटकथा की तरह सामने आई है| पुलिस के अनुसार, जरारा गांव का निवासी पूरन सिंह जाटव अपनी 19 वर्षीय बेटी शिवानी के प्रेम प्रसंग से बेहद नाराज था. इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ और गुस्से में आकर पिता ने अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया| हत्या के बाद सबूतों को पूरी तरह छुपाने के इरादे से उसने शव को गांव में स्थित अपने खेत में ले जाकर एक गहरा गड्ढा खोदा और उसमें दबा दिया|

आरोपी पिता अपने इस खौफनाक राज को छुपाने में कामयाब हो जाता, लेकिन मृतका की मां की सजगता ने उसकी साजिश को नाकाम कर दिया| शिवानी के अचानक गायब होने के बाद जब उसकी मां खेत की तरफ गई, तो वहां संदिग्ध रूप से खुदी हुई मिट्टी देखकर उसे गहरा शक हुआ. मां को भांपते देर नहीं लगी कि उसकी बेटी के साथ कोई अनहोनी हुई है| उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत स्थानीय खैर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी| जिसके बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे| कानूनी नियमों के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में संदिग्ध स्थान पर खुदाई शुरू करवाई गई| कुछ ही देर की खुदाई के बाद जमीन के नीचे से 19 वर्षीय शिवानी का शव बरामद कर लिया गया, जिसे देखकर वहां मौजूद हर किसी की रूह कांप गई|


एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है| मुख्य आरोपी पिता पूरन सिंह जाटव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है| पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है|