सुशासन के 09 वर्ष: सुरक्षा, विकास और विश्वास का नया उत्तर प्रदेश: संदीप सिंह, मा0 मंत्री बेसिक शिक्षा

Aligarh Media Desk

संकल्प से सिद्धि तक: उत्तर प्रदेश बना सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि का मॉडल

मा0 मंत्री बेसिक शिक्षा श्री संदीप सिंह ने प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 09 वर्ष पर उपलब्धियों की दी जानकारी

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़: प्रदेश के मा0 बेसिक शिक्षा मंत्री श्री संदीप सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि वर्ष 2017 का जनादेश केवल सरकार परिवर्तन का नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का जनादेश था। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था, निराशा से विश्वास और पिछड़ेपन से विकास की ओर ऐतिहासिक यात्रा तय की है।


उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और संगठित अपराध व माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की गई है। माफिया संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों करोड़ की अवैध संपत्तियां जब्त की गई हैं और 53 संगठित अपराधी गिरोहों को ध्वस्त किया गया है। 02 लाख 19 हजार पुलिस कर्मियों की पारदर्शिता से भर्ती हुई है। आपातकालीन सेवा यूपी-112 का रिस्पॉन्स टाइम 01 घण्टे से घटकर लगभग 6 मिनट रह गया है, जिससे आमजन को त्वरित सहायता मिल रही है। 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन देने के साथ ही 06 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर लाया गया है। 5.60 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड जारी कर उनकी निःशुल्क चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि अगले माह से निराश्रित, वृद्धा व दिव्यांग पेंशन को बढ़ाकर 1500 कर दिया गया है, जिससे करोड़ों लाभार्थियों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। खाद्यान्न उत्पादन को 557 मीट्रिक टन से 737 मीट्रिक टन तक ले जाकर उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर पहुॅचा है। किसान हित में 03 लाख 15 हजार करोड़ का गन्ना भुगतान और 3.12 लाख किसानों को 49 हजार करोड़ की सम्मान राशि वितरित की गई है। प्रदेश सरकार बीज से बाजार तक किसानों के हित में कार्य कर रही है। विगत 09 वर्षों में 09 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों से निजी क्षेत्र में 01 करोड़ से नये रोजगार प्रस्तावित हैं। कायाकल्प अभियान से सरकारी स्कूलों में जो शैक्षणिक माहौल बदला है उससे स्कूल चलो अभियान के माध्यम से 40 लाख बच्चों का नामांकन हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में 25-25 करोड़ की लागत से 02-02 मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा।


मा0 मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा का माहौल मजबूत होने से निवेश और उद्योग को बढ़ावा मिला है। आज प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, सेमीकंडक्टर इकाइयों की स्थापना और आधारभूत ढांचे के तीव्र विकास से उत्तर प्रदेश औद्योगिक प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता बिना भेदभाव हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा, निराश्रित महिलाओं एवं वृद्धजनों की पेंशन वृद्धि और गरीब कन्याओं के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किया गया है। कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाकर उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, हर घर जल योजना, सुदृढ़ सड़क नेटवर्क और बुनियादी सुविधाओं का तीव्र विस्तार किया गया है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा मिला है। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर और श्रीराम मंदिर अयोध्या जैसे भव्य प्रकल्प आस्था और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक बने हैं। मा0 मंत्री श्री सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर सुदृढ़ हो रही है और प्रदेश देश की जीडीपी में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। सरकार प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की ओर तेज़ी से अग्रसर है।


जिले में विकास की रफ्तार तेज, किसानों से युवाओं तक योजनाओं का व्यापक लाभ:

मा0 मंत्री बेसिक शिक्षा ने बताया कि जनपद में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से व्यापक परिवर्तन आया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 4.10 लाख किसानों को 1343 करोड़, ऋण मोचन योजना में 1.11 लाख किसानों का 790 करोड़ ऋण माफ तथा गन्ना किसानों को 1023 करोड़ का भुगतान किया गया। आवास योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना से हजारों परिवारों को पक्के घर मिले। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 86 हजार से अधिक शौचालय बनाए गए। सामूहिक विवाह, कन्या सुमंगला एवं मातृ वंदना योजनाओं से महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक सहयोग मिला। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 10.76 लाख गोल्डन कार्ड बनाकर 226 करोड़ से निःशुल्क उपचार कराया गया। निःशुल्क राशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री जनधन योजना से बैंक खाते और पीएम स्वनिधि योजना से स्ट्रीट वेंडरों को ऋण देकर स्वरोजगार को बढ़ावा मिला।


युवाओं को टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण, छात्रवृत्ति एवं कौशल प्रशिक्षण योजनाओं से लाभान्वित किया गया। विद्यालयों का कायाकल्प और स्मार्ट क्लास संचालन से शिक्षा व्यवस्था मजबूत हुई। आधारभूत संरचना में उल्लेखनीय सुधार करते हुए 106 करोड़ की लागत से राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, सिविल एयरपोर्ट, सैकड़ों किलोमीटर सड़कों का निर्माण-चौड़ीकरण, सेतु निर्माण तथा ग्रामीण पेयजल परियोजनाएं पूर्ण कराई गईं। शहरी विकास के तहत हैबीटेट सेंटर, फ्लाईओवर, सीवर-जलनिकासी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और पार्किंग जैसी परियोजनाएं पूरी हुईं। औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। मा0 मंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियां अलीगढ़ के समग्र विकास और जनता के जीवन स्तर में सुधार का प्रमाण है।


इस अवसर पर मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह, मा0 विधायक शहर श्रीमती मुक्ता संजीव राजा, मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी, मा0 जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल सिंह, मा0 जिला महामंत्री श्री शिवनारायण शर्मा, भूपेन्द्र वार्ष्णेय समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी एवं सीडीओ योगेन्द्र कुमार, पीडी भाल चन्द त्रिपाठी उपस्थित रहे। अन्त में सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया।