अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : नवागत जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा बुधवार सांय जनपद कोषागार में जिलाधिकारी के पद का कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत प्रशासनिक अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया गया। प्रारम्भ में जिलाधिकारी ने कोषागार पहुॅचकर मान प्रणाम ग्रहण किया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वित्त प्रमोद कुमार, एडीएम न्यायिक अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिशिर सिंह, डीडीओ आलोक आर्य, पीडी भाल चन्द त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी योगेश कुमार, सीएमओ डा0 नीरज त्यागी, कोषाधिकारी पूजा श्रीवास्तव समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अलीगढ़ का प्रशासनिक इतिहास: 1804 से अब तक 139 जिलाधिकारियों की गौरवशाली परंपरा
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : वर्ष 1804 में अलीगढ़ के अस्तित्व में आने के साथ ही यहां संगठित प्रशासनिक व्यवस्था की शुरुआत हुई। जिले के प्रथम जिलाधिकारी के रूप में सी. रसल ने कार्यभार संभालते हुए प्रशासनिक ढांचे की नींव रखी।
आजादी से पूर्व अलीगढ़ में कुल 61 जिलाधिकारी नियुक्त हुए, जिनमें से 6 अधिकारियों ने एक से अधिक बार कलेक्टर के रूप में दायित्व निभाया। स्वतंत्रता के समय गोविन्द नारायन जिले के जिलाधिकारी थे और इसी कारण वे स्वतंत्र भारत में अलीगढ़ के प्रथम जिलाधिकारी के रूप में दर्ज किए जाते हैं। ए. टी. नकवी ने पहली बार 1937 में पहले भारतीय जिलाधिकारी के रूप में जिले का दायित्व संभाला।
स्वतंत्रता के बाद से लेकर वर्तमान तक प्रशासनिक नेतृत्व की यह श्रृंखला निरंतर आगे बढ़ती रही। अब तक वर्ष 1804 से लेकर वर्तमान समय तक अलीगढ़ में कुल 138 जिलाधिकारी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जो जिले की समृद्ध प्रशासनिक विरासत को दर्शाता है। अलीगढ़ को 10 कार्यवाहक जिला अधिकारियों ने भी संभाला है। हाल ही में निवर्तमान जिलाधिकारी संजीव रंजन 138वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत रहे, जबकि बुधवार को अविनाश कुमार ने 139वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर जिले की प्रशासनिक कमान संभाली है। अलीगढ़ का यह दीर्घ प्रशासनिक इतिहास सुशासन, विकास और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।
सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार बताते हैं कि जिले के प्रथम जिलाधिकारी क्लाउड रसल के नाम पर आज भी रसलगंज मोहल्ला स्थापित है। इसी प्रकार से ए.टी. नकवी के नाम पर नकवी पार्क और 35वें जिला कलक्टर मैरिस के नाम से मैरिस रोड को जाना जाता है।

