![]() |
| ( जागरूकता रैली निकलते स्वास्थ्यकर्मी ) |
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जिले में संचारी रोगों के प्रति जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें स्वच्छता और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। रैली के माध्यम से बच्चों ने “साफ-सफाई रखें, मलेरिया भगाएं” जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई कि वे अपने घरों और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे, पानी को ढककर सुरक्षित रखेंगे, खिड़कियों में जाली लगवाएंगे और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करेंगे। साथ ही यह भी संदेश दिया गया कि बुखार आने पर तत्काल मलेरिया की जांच कराना आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
मलखान सिंह जिला चिकित्सालय परिसर में भी मलेरिया की रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को सुरक्षित रहने के उपायों के संबंध में शपथ दिलाई गई। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ0 विनीता मिश्रा एवं अन्य चिकित्सकों द्वारा पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय एवं कम्पोजिट विद्यालय लोधा में में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को वेक्टर जनित रोगों के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही सभ्ज्ञी सीएचसी पर भी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को वैक्टर जनित रोगों से बचाव की जानकारी दी गई। रैली एवं शपथ समारोह का मुख्य उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाकर मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे स्वच्छता को अपनाकर और समय पर जांच व उपचार कराकर इन बीमारियों से स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

