'सरकार आपके द्वार’ अभियान का जिलेभर में शुभारंभ, जनसमस्या समाधान शिविरों में उमड़ी भीड़

Aligarh Media Desk

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले की सभी नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में सोमवार से ‘‘सरकार आपके द्वार’’ अभियान का शुभारंभ हो गया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सौरभ भट्ट के निर्देशन में प्रारंभ हुए इस अभियान के अंतर्गत जनसमस्या समाधान शिविर, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 14 जून तक संचालित रहेगा।

अभियान के प्रथम दिवस पर जिले की सभी नगरीय निकायों में जनसमस्या समाधान शिविर लगाए गए, जिनका उद्घाटन क्षेत्रीय विधायकगण एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। शिविरों में स्वास्थ्य, विद्युत, डूडा, श्रम, समाज कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा पूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने की कार्रवाई की गई।

शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का पंजीकरण कर उनके त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रावधानों, नागरिकों की जिम्मेदारियों एवं कूड़ा प्रबंधन से संबंधित दायित्वों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। जनप्रतिनिधियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित नगर के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। नगर पंचायत चंडौस में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं नालियों की विशेष सफाई कराई गई। इसके उपरांत आयोजित जनसमस्या समाधान शिविर में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क एवं स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों को सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

वहीं नगर पंचायत मडराक में उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर का शुभारंभ विधायक कोल अनिल पाराशर ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनीं और विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में आपूर्ति, विद्युत, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रकरणों पर सुनवाई की गई। इसके साथ ही वार्ड-2 दीनदयाल नगर स्थित वाल्मीकि बस्ती में विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों एवं सड़कों की सफाई कराई गई तथा चिन्हित गार्बेज पॉइंट्स को हटाया गया।

अभियान के तहत नगरीय क्षेत्रों की मलिन बस्तियों एवं अस्वच्छ सार्वजनिक स्थलों को चिन्हित कर विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। साथ ही प्लास्टिक अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।