अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़| तालानगरी क्षेत्र से जल्द ही 25 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। इनके संचालन के लिए ई-बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन की स्थापना की तैयारी तेज हो गई है। रविवार को नगर आयुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अलीगढ़ स्मार्ट सिटी प्रेम प्रकाश मीणा ने परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ गांव किढ़ारा के पास प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया।
संयुक्त निरीक्षण में चयनित भूमि ई-बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन की स्थापना के लिए उपयुक्त पाई गई। इसके बाद नगर आयुक्त ने नगर निगम के संपत्ति विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजा जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगरीय परिवहन निदेशालय की ओर से नगर क्षेत्र में 25 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मंजूरी मिल चुकी है। बसों के संचालन और चार्जिंग स्टेशन की स्थापना के लिए तालानगरी क्षेत्र में ग्राम किढ़ारा के निकट लगभग 1.706 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है।
नई ई-बसों के संचालन से तालानगरी सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण और हरित परिवहन को बढ़ावा देने में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।

