अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़| प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा एवं मूर्ति स्थापना महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को निकाली गई भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम बनी। बैंड-बाजों, जयघोष और भजनों के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
रथ यात्रा में मां काली, राधा-कृष्ण, भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती तथा श्री हनुमान जी की आकर्षक और सजीव झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे फूलों और भव्य सजावट से सुसज्जित झांकियों ने वातावरण भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
सायंकाल आयोजित सुंदरकांड पाठ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धापूर्वक किए गए पाठ और भजन-कीर्तन ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण बनाया कि उपस्थित सभी भक्त भाव-विभोर हो गए। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मंदिर समिति ने बताया कि गुरुवार को प्रातः 11 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से सपरिवार पधारकर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।

