आकस्मिक आपदाओं से फसलों की क्षतिपूर्ति के लिए किसान बंधु फसल बीमा योजना में कराएं पंजीकरण
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ 22 जुलाई 2026 (सू0वि0): जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन स्थित गॉधी सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र छेरत के कृषि वैज्ञानिक डा0 नीलेश कुमार ने किसान बंधुओं को धान की फसलों के लिए तकनीकी एवं कीटनाशकों के बारे में उपयोगी जानकारी दी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त किसान बन्धुओं की शिकायतों को संवेदनशीलता एवं समयबद्धता से निस्तारित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत संबंधी विभिन्न शिकायतों को आप घर बैठे ही 1912 हैल्पलाइन नंबर डायल कर दर्ज करा सकते हैं, जिसकी मॉनीटरिंग प्रदेश स्तर से की जाती है। उन्होंने विद्युत विभाग को रोस्टर के अनुसार कृषि फीडर से किसानों को विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी बैठक में अनिवार्य रूप से सभी अधिशासी अभियंता उपस्थित रहें ताकि सभी क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सके। उन्होंने विद्युत आपूर्ति में पारदर्शिता के लिए विभाग द्वारा की जा रही विद्युत आपूर्ति का ब्यौरा भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मण्डियों में किसानों के लिए सुदृढ़ एवं सुव्यस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के मौसम में किसानों की उपज को सुरक्षित रखने के लिए जिन स्थानों पर चबूतरों एवं टिन शेड की मरम्मत की आवश्यकता हो, तत्काल कराई जाए। उन्होंने आढ़तियों एवं दुकानदारों द्वारा चबूतरों एवं टिन शेड पर किए गए कब्जों को हटाने के साथ ही किसानों के लिए पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आकस्मिक प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त फसल की क्षतिपूर्ति के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित की जा रही है, किसान भाई इसका अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने योजना में अधिकाधिक किसानों को पंजीकृत करने के लिए बीमा कंपनी एवं बैंकर्स के साथ नियमित रूप से बैठकें भी आहुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र के लिए विद्युत एवं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंताओं की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उन्होंने अनिवार्य रूप से किसान बैठक में उपस्थित रहने के भी निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट, उप कृषि निदेशक चौधरी अरूण कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी, एलडीएम अशोक कुमार सौनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई राजेन्द्र कुमार, मण्डी सचिव मुकेश त्रिपाठी समेत संबंधित अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।

