प्रतिभा कॉलोनी के अंदर रामबाग कॉलोनी में नगर निगम के जनरेटर ने मचाया तांडव

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। प्रतिभा कॉलोनी के अंतर्गत रामबाग कॉलोनी के निवासी इन दिनों नगर निगम की लापरवाही से भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कॉलोनी में स्थित एक पोखर का पानी केवल बरसात के समय ही निकाला जाता है, जिसके लिए नगर निगम द्वारा जनरेटर का उपयोग किया जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह जनरेटर प्रतिदिन सुबह लगभग 10 बजे से देर रात तक लगातार चलता रहता है, जिससे क्षेत्र में भीषण ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है।


कॉलोनीवासियों का कहना है कि नगर निगम जनता से विभिन्न प्रकार के कर और शुल्क वसूलता है, लेकिन उन्हीं के पैसों से चलने वाला यह जनरेटर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। दिनभर और पूरी रात जनरेटर की तेज आवाज के कारण बच्चों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और बीमार लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की नींद हराम हो चुकी है और मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पोखर की जल निकासी के लिए स्थायी और आधुनिक व्यवस्था कर दी जाए तो जनरेटर पर निर्भरता समाप्त हो सकती है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जनरेटर के संचालन का समय सीमित किया जाए तथा इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।


क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।