अलीगढ़| सरकारी वृक्षारोपण कार्यक्रम में पहुंचा हिस्ट्रीशीटर,मंत्री संदीप सिंह ने किया पौधरोपण

Aligarh Media Desk

 


➡मुजाहिद उर्फ गुड्डू कार्यक्रम में मंच पर विराजमान

➡सांसद, विधायक, मंत्री संदीप सिंह के साथ मौजूद

➡सांसद सतीश गौतम ने स्वागत माला से बाहर किया

➡मुजाहिद उर्फ गुड्डू पर 29 आपराधिक मामले दर्ज

➡हत्या, हत्या के प्रयास जैसे मामलों का हिस्ट्रीशीटर


अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ : प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में एक ही दिन 35 करोड़ पौधरोपण के ऐतिहासिक अभियान के तहत रविवार को शेखा झील परिसर में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा श्री संदीप सिंह ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम कुमार ने अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया।


          मुख्य अतिथि राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रकृति मानव जीवन का आधार है और वृक्ष केवल हरियाली के प्रतीक नहीं, बल्कि जीवनदायिनी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ’’एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान ने जनआंदोलन का स्वरूप ले लिया है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में 247 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और इस वर्ष भी 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य जनसहभागिता से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण करने का भी आह्वान किया।


          मा0 सांसद श्री सतीश कुमार गौतम ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं अपने कार्यालय परिसर में नियमित अंतराल पर नीम के पौधे लगाए हैं और सभी नागरिकों से इसे जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।


मा0 एमएलसी प्रो0 तारिक मंसूर ने कहा कि अनियंत्रित वृक्ष कटान के कारण मौसम चक्र प्रभावित हो रहा है। वृक्ष मिट्टी का कटाव रोकने, जैव विविधता को संरक्षित रखने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए हर व्यक्ति को पौधरोपण के साथ संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।


मा0 एमएलसी डॉ0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद में 43 लाख 23 हजार 100 पौधे रोपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां जीवन देती है, उसी प्रकार प्रकृति जीवन को सुरक्षित रखती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को ष्एक पेड़ माँ के नामष् अवश्य लगाना चाहिए।


मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर ने कहा कि शुद्ध वायु और स्वस्थ जीवन के लिए वृक्ष अनिवार्य हैं। उन्होंने प्रत्येक खाली भूमि पर पौधरोपण करने और इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।


मा0 विधायक छर्रा ठा0 रवेंद्र पाल सिंह ने पौधों की सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक ट्री गार्ड लगाने पर बल देते हुए अपनी निधि से शेखा झील परिसर में सेल्फी प्वाइंट बनवाने की घोषणा की। उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।


मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह ने कहा कि धरती को हरा-भरा बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षों के संरक्षण से ही पक्षियों, जैव विविधता और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल सिंह ने कहा कि जीवन के लिए ऑक्सीजन का सबसे बड़ा स्रोत वृक्ष हैं। प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए ताकि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण हो सके।


प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम कुमार ने कहा कि जनपद में सभी 26 विभागों के समन्वित प्रयासों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण कराया जा रहा है।