एएमयू प्रबंधन छात्रों ने नई दिल्ली ग्लोबल यूथ समिट में मार्केटिंग प्रतियोगिता जीती

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़, 24 अगस्तः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन एवं अनुसंधान संकाय के व्यवसाय प्रशासन विभाग की तीन सदस्यीय एमबीए टीम ने नई दिल्ली ग्लोबल यूथ समिट-2026 में आयोजित मार्केटिंग मेहेम प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।

शिखर सम्मेलन में विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों ने भाग लिया। विकसित भारत-2047 की परिकल्पना के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और व्यावसायिक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला।


बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग का प्रतिनिधित्व करने वाली “बिंदास” टीम में एमबीए प्रथम सेमेस्टर की अंबर तारिक और अबीर तारिक तथा एमबीए तृतीय सेमेस्टर की सानिया राशिद शामिल थीं। करीब 35 टीमों के बीच हुई प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता, रणनीतिक सोच, टीम भावना और प्रभावी संवाद का प्रदर्शन करते हुए अपनी विपणन योजना प्रस्तुत की। टीम को विजेता ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

प्रबंधन अध्ययन एवं अनुसंधान संकाय के डीन प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि एएमयू के प्रबंधन विद्यार्थियों की प्रतिभा और बढ़ती क्षमताओं को दर्शाती है। बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग की अध्यक्ष डॉ. सलमा अहमद ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनकी मेहनत, रचनात्मकता तथा टीम भावना की सराहना की।