महापौर व नगर आयुक्त की स्मार्ट पहल:-अगले हफ़्ते से नगर निगम के 90 वार्डों में भवनों पर लगेंगे QR कोड व RFID टैग

Aligarh Media Desk


संपत्ति कर संग्रहण, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, नगर निगम के जुर्माना की व्यवस्था होगी हाईटेक

डिजिटल इंडिया की दिशा में नगर निगम ने बढ़ाया एक कदम

संपति कर संग्रहण, नगर निगम के जुर्माने व घर से कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुधारने की दिशा में नगर आयुक्त ने लिया अहम निर्णय

90 पार्षद वार्ड के समस्त भवन RFID टैग व भवन QR सिस्टम से होंगे लैस

महापौर व नगर आयुक्त का वादा:-RFID और QR तकनीक से होगी डिजिटल निगरानी,लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ| केंद्र सरकार की डिजिटल इंडिया के तहत अलीगढ़ नगर निगम ने नगरीय क्षेत्र के सभी 90 पार्षद वार्डों में डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम अपने सभी 2 लाख 60 भवन पर अगले हफ़्ते से RFID टैग व भवन QR सिस्टम लगाने की क़वायद शुरू करने जा रहा है। इस तकनीक से उपभोक्ताओं के साथ साथ नगर निगम की महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी व आम नागरिकों के लिए उनका उपयोग सरल व सुगम भी बनेगा।


शुक्रवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने अर्बन कंपनी, सुखमा कंपनी व नगर निगम की तकनीकी टीम के साथ इस व्यवस्था को प्रभावी रूप दिए जाने को लेकर लंबा मंथन किया। समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने अगले 7 दिनों में इस व्यवस्था को ज़मीनी रूप से लागू कराये जाने के निर्देश दिए।


नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि डिजिटल इंडिया की दिशा में नगर निगम लगातार प्रयासरत है इस व्यवस्था से नगर निगम की जनसुविधाओं जैसे संपत्ति कर, यूजर चार्जेज, डोर टू डोर कचरा संग्रहण शुल्क, प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान जुर्माने आदि की व्यवस्था सरल व उपभोक्ताओं की सहूलियत के अनुसार बन सकेगी।

उन्होंने बताया कि क्यूआर कोड के माध्यम से नगर निगम आसानी से प्रॉपर्टी मालिकों की पहचान कर सकेगा और टैक्स चोरी को रोक जा सकेगा साथ ही क्यूआर कोड के उपयोग से टैक्स प्रणाली अधिक पारदर्शी होगी और लोगों को टैक्स भरने में आसानी होगी. क्यूआर कोड के माध्यम से नगर निगम प्रत्येक प्रॉपर्टी का एक विस्तृत डेटाबेस बना सकेगा और क्यूआर कोड को स्कैन करके लोग आसानी से अपने घर बैठे प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकेंगे। क्यूआर कोड को स्कैन करके नगर निगम के अधिकारी संपत्ति के मालिक और अन्य विवरणों को जान सकेंगे।


नगर आयुक्त ने बताया कि जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए क्यूआर कोड काफी लाभदायक सिद्ध होगा क्यूआर कोड को स्कैन करके नगर निगम के अधिकारी व प्रॉपर्टी स्वामी प्रॉपर्टी से संबंधित जानकारी जैसे कि टैक्स और बिल जमा करने की स्थिति, भवन स्वामी के विरुद्ध नगर निगम की कार्रवाई के दौरान जुर्माना जमा करने अथवा नही करने की स्थिति को आसानी से जान सकेंगे साथ ही साथ ही इस व्यवस्था से उपभोक्ता घर बैठे टैक्स भी जमा कर सकेगें।


सफ़ाई व्यवस्था में आएगा सुधार

नगर आयु ने बताया कि नगर निगम के 90 वार्डों में लगभग 700 टेम्पो/ई रिक्शा/साइकिल रिक्शा आदि को RFID टैग और QR आधारित तकनीकी प्रणाली से लैस किया जाएगा। प्रत्येक वाहन की डिजिटल पहचान निर्धारित की जाएगी जिससे उसके संचालन और कूड़ा संग्रहण की नियमित निगरानी संभव होगी।


उन्होंने बताया कि हर कूड़ा उठाने वाले टेम्पो पर RFID टैग लगाया जाएगा। RFID के माध्यम से वाहन की पहचान और निर्धारित रूट पर उसकी आवाजाही को डिजिटल सिस्टम में रिकॉर्ड किया जा सकेगा। वाहन को निर्धारित रूट और क्षेत्र के अनुसार संचालित किया जाएगा। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि कौन सा वाहन किस क्षेत्र में पहुंचा और निर्धारित कूड़ा संग्रहण व्यवस्था के अनुसार कार्य कर रहा है या नहीं।


उन्होंने बताया कि QR कोड के माध्यम से नागरिक से कूड़ा संग्रहण से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तथा आवश्यकता पड़ने पर शिकायत/फीडबैक देने में सक्षम होंगे। नगर निगम के कंट्रोल रूम/संबंधित मॉनिटरिंग सिस्टम से वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। इससे वाहन निर्धारित क्षेत्र में नियमित रूप से पहुंच रहा है या नहीं इसकी निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।

यदि किसी क्षेत्र में घर-घर कूड़ा संग्रहण नहीं होता है तो शिकायत के आधार पर संबंधित वाहन और उसके निर्धारित रूट की जानकारी सिस्टम से जांची जा सकेगी। इससे जिम्मेदारी तय करने और शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी।


नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा माननीय प्रधानमंत्री जी के डिजिटल इंडिया की दिशा में अलीगढ़ नगर निगम द्वारा इस व्यवस्था के माध्यम से एक कदम बढ़ाया गया है अगले 1 सप्ताह में इस व्यवस्था को सम्पूर्ण नगर में प्रभावी रूप दिया जाएगा और प्रयास रहेगा नगर निगम के संपत्ति कर, यूजर चार्जेज सहित सभी देयकों को QR कोड से लिंक कराकर शहर वासियों को घर बैठे बेहतर व आधुनिक तकनीक पर नगर निगम की सुविधाओं को उपलब्ध कराये जाने का प्रयास किया जाएगा।

महापौर प्रशान्त सिंघल ने कहा माननीय प्रधानमंत्री जी के डिजिटल इंडिया के स्वप्न को साकार करने के लिए नगर निगम अलीगढ़ पूर्ण रूप से प्रयासरत है। इस नई व आधुनिक तकनीक से उपभोक्ताओं को घर पर ही नगर निगम के देयकों की जानकारी मिल सकेगी।

बैठक में उप नगर आयुक्त अमित कुमार सिंह प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानंद त्यागी, अर्बन कंपनी, सुकमा कंपनी सहित अनेको अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।


Tags