11 वर्षीय बच्चे को अगवा करने की कोशिश,बहन को लेने स्कूल गया, बाइक सवारों ने उठाया, मौका पाकर चलती बाइक से कूदा
अलीगढ मीडिया डिजिटल, अतरौली। बहन को लेने शक्ति इंटर कॉलेज बढोली गया 11 वर्षीय बच्चा कथित रूप से बाइक सवारों के चंगुल में फंस गया। आरोप है कि बाइक सवार बच्चे को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने लगे। बच्चे के मुंह पर कपड़ा बांध दिया गया। शोर मचाने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। पनिहारा के सरकारी स्कूल के पास बच्चे ने हिम्मत दिखाई और मौका पाकर चलती मोटरसाइकिल से खुद कूद गया। इसके बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों में खलबली मच गई।
उस्मानपुर गांव निवासी प्रमोद का 11 वर्षीय पुत्र नरेश बढ़ोली में पढ़ाई करता है। परिजनों के अनुसार, नरेश अपनी बहन को लेने के लिए शिव शक्ति इंटर कॉलेज बढ़ोली गया था। इसी दौरान कुछ लोग मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और बच्चे को अपने साथ बैठा लिया। आरोप है कि मोटरसाइकिल पर बैठाने के बाद बच्चे के मुंह पर कपड़ा बांध दिया गया।
बच्चे ने जब विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया तो बाइक सवारों ने उसे चांटे मारे। इससे बच्चा घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं छोड़ी। पनिहारा के सरकारी विद्यालय के पास पहुंचने पर बच्चे ने मौका देखकर चलती मोटरसाइकिल से खुद छलांग लगा दी। बच्चा सड़क पर गिर गया, जबकि उसे ले जा रहे बाइक सवार वहां से तेजी से फरार हो गए।
बाइक सवारों के भागने के बाद बच्चे ने घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों को दी। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बच्चे ने परिजनों को पूरी घटना बताई तो परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को देकर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
घटना को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। परिजनों का कहना है कि बच्चे ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाकर खुद को आरोपियों के चंगुल से बचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। बाइक सवारों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जाने की मांग की गई है।
