अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ । धार्मिक, शैक्षणिक और औद्योगिक नगरी अलीगढ़ में पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं के दृष्टिगत अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के आगामी आठ अगस्त को आयोजित कार्यक्रम के लिए बैठक आयोजित हुई।
एक होटल में आयोजित बैठक में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मानव महाजन ने बताया कि होटल फॉर्चून में आठ अगस्त को एसोसिएशन द्वारा आयोजित पर्यटन विकास विषयक संगोष्ठी, शपथ एवं सम्मान समारोह में अलीगढ़ के पर्यटन विकास को गति प्रदान करने के लिए महामंथन होगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए चेयरमैन डॉ पंकज धीरज ने बताया कि होटल एसोसिएशन द्वारा अलीगढ़ के बहुआयामी पर्यटन विकास , केंद्र व प्रदेश सरकार की पर्यटन विकास नीतियों पर मंथन, मथुरा और आगरा से अलीगढ़ जंक्शन को रेलवे ट्रैक से और बृज टूरिज्म सर्किट मथुरा वृंदावन से अलीगढ़ को जोड़ने जैसी बहु प्रतीक्षित आवश्यकताओं पर व्यापक चर्चा होगी।
महामंत्री विवेक बगाई ने बताया कि दो सत्रों में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में पर्यटन विभाग,उद्योग विभाग,एडीए, नगर निगम, अग्निशमन विभाग आदि के अलावा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
बैठक में दीपक गर्ग,अखिल गुप्ता , प्रमीत गुप्ता, सर. मनमीत सिंह , प्रदीप सिंघल , राघव उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।

