#हरदुआगंज| मेला श्रावण मास वर्ष 2026 का रसिया दंगल के साथ हुआ भव्य समापन

Aligarh Media Desk

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, हरदुआगंज, अलीगढ़। मेला श्रावण मास वर्ष 2026 के अंतर्गत मंदिर श्री जागेश्वर महाराज, हरदुआगंज में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन पवित्र रक्षाबंधन के अवसर पर भव्य रसिया दंगल के साथ हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

रसिया दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी हरदुआगंज मंडल के अध्यक्ष श्री सतीश राजपूत जी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री राजपूत जी ने भाई-बहन के अटूट प्रेम एवं विश्वास के पर्व रक्षाबंधन की सभी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए हमारी लोक संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।

रसिया दंगल में रामबीर हाथरस (विप्र अखाड़ा) एवं बन्नो बेसवां (रामादल) के बीच अत्यंत रोमांचक एवं कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों ही पार्टियों ने पूरी रात अपने उत्कृष्ट रसिया गायन एवं सवाल-जवाब की शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित हजारों श्रोताओं का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री रौदास सिंह पूर्व प्रधान जी ने की तथा सफल संचालन श्री रवेन्द्र शर्मा एवं श्री के.के. राघव ने संयुक्त रूप से किया। मेले के सफल आयोजन पर अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सोनी, कोर्डिनेटर अनेक पाल सिंह एवं प्रबंधक संदीप जादौन ने मुख्य अतिथि, कलाकारों, अतिथिगण, श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं समस्त क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

आयोजन को सफल बनाने में बनवारी लाल शर्मा, हनी चौधरी, संजय शर्मा, लज्जाराम, अंकित राठौर, संजय सिंह, रतन राजपूत, कप्तान सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मेले के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था अत्यंत सराहनीय रही, जिसके कारण समस्त कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ। मेला श्रावण मास वर्ष 2026 ने धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देते हुए अपने भव्य एवं सफल आयोजन के साथ स्मरणीय समापन किया।